दासुन शनाका ने T20 इंटरनेशनल में बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 5 बल्लेबाजों को एक साथ पछाड़ा…

Dasun Shanaka World Record: श्रीलंका के पूर्व कप्तान दाशुन शनाका को वो जलवा एशिया कप में नजर नहीं आ रहा है, जिसके लिए वे जाने और पहचाने जाते हैं। दुबई में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने भले ही नाबाद 64 रन की पारी खेली हो, लेकिन बाकी मैचों में शनाका एक एक रन के लिए तरसते हुए नजर आए। पाकिस्तान के खिलाफ सुपर 4 के मैच में तो वे अपना खाता भी नहीं खोला और चलते बने। इसी के साथ उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है।
दासुन शनाका टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज
दासुन शनाका अब टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा बार डक यानी शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। दासुन ने अब तक 113 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 1601 रन अपने नाम किए हैं। उनका औसत 20.26 का है, वहीं वे 123.05 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं। वे अब तक 14 बार इस फॉर्मेट में शून्य पर आउट हो चुके हैं, जो दुनिया में सबसे ज्यादा है। इससे पहले पांच बल्लेबाज 13 बार शून्य पर आउट हुए थे।
पांच बल्लेबाजों को एक साथ शनाका ने किया पीछे
टी20 इंटरनेशनल में पांच बल्लेबाज ऐसे हैं, जो 13 बार शून्य पर आउट हुए हैं। यानी शनाका ने एक साथ इन सभी को पीछे कर दिया है और पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। इसमें तीन तो रवांडा के ही बल्लेबाज हैं। रवांडा के केविन इराकोज, जैपी बिमेनीमाना और मार्टिन अकायेज़ु के अलावा बांग्लादेश के सौम्य सरकार और आयरलैंड के पॉल स्टरर्लिंग अब तक 13 बार टी20 इंटरनेशनल में शून्य पर आउट हुए हैं। इसमें से कुछ खिलाड़ी तो अभी खेल भी रहे हैं, हो सकता है कि वो फिर से शनाका के बराबरी पर पहुंच जाए।
सुपर 4 में श्रीलंका का प्रदर्शन निराशाजनक
एशिया कप के सुपर 4 के पाकिस्तान बनाम श्रीलंका मैच की बात की जाए तो इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम ने आठ विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाए हैं। टीम पाकिस्तान के सामने कोई बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई। इससे पहले सुपर 4 के ही मैच में श्रीलंका को बांग्लादेश से हार का सामना करना पड़ा था। अगर इस मैच में भी श्रीलंका की टीम हारी तो फिर उसका फाइनल में जाने का सपना टूट सकता है। हालांकि लीग फेज में टीम तीन के तीन मैच जीतकर यहां आई थी, यहां पर टीम का प्रदर्शन आशा के अनुरूप नहीं रहा।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




