रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स में रचा इतिहास, सचिन तेंदुलकर के तीन बड़े रिकॉर्ड हुए ध्वस्त

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर जब भारतीय टीम 388 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तब सबकी निगाहें रोहित शर्मा पर थीं। पिछले कुछ समय से उनके ODI भविष्य और संन्यास को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन 39 साल के स्टार बल्लेबाज ने अपने बल्ले से ऐसा जवाब दिया, जिसने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। रोहित ने शानदार शतक जड़ते हुए न सिर्फ भारत की उम्मीदों को जिंदा रखा, बल्कि मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के तीन बड़े रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिए।
रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स में रचा इतिहास
इंग्लैंड के खिलाफ 19 जुलाई को तीसरे और आखिरी ODI में रोहित शर्मा ने ऐतिहासिक पारी खेली। इस शतक के साथ वह लॉर्ड्स के मैदान पर ODI शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। इससे पहले इस प्रतिष्ठित मैदान पर किसी भारतीय का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 90 रन था, जो सौरव गांगुली ने इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था।
रोहित का इंग्लैंड की सरजमीं पर शानदार रिकॉर्ड इस मुकाबले में और भी मजबूत हो गया। यह इंग्लैंड में उनका 8वां ODI शतक है। इसी के साथ उन्होंने विदेशी धरती पर सबसे ज्यादा ODI शतक लगाने वाले बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल कर लिया। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE में सात ODI शतक लगाए थे।
विदेशी धरती पर में सबसे ज्यादा ODI शतक लगाने वाले बल्लेबाज
- 8 – रोहित शर्मा (इंग्लैंड)
- 7 – सचिन तेंदुलकर (UAE)
- 7 – सईद अनवर (UAE)
- 7 – एबी डिविलियर्स (भारत)
- 7 – क्विंटन डिकॉक (भारत)
रोहित ने ध्वस्त किए सचिन के कीर्तिमान
रोहित यहीं नहीं रुके। वह अब इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। तीनों फॉर्मेट में मिलाकर बतौर सलामी बल्लेबाज उनके नाम अब 46 इंटरनेशनल शतक हो गए हैं। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। सचिन ने बतौर ओपनर 45 शतक जड़े थे। अब उनसे आगे केवल ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर हैं।
इसके अलावा रोहित ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। 39 साल और 80 दिन की उम्र में वह ODI में शतक जड़ने वाले भारत के सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन गए। रोहित 39 साल की उम्र में ODI शतक लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी भी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 38 साल और 327 दिन की उम्र में अपना आखिरी ODI शतक लगाया था।
तीसरे ODI मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 388 रन का विशाल लक्ष्य रखा। मेजबान टीम के लिए बेन डकेट ने 141 रन की शानदार पारी खेली, जबकि जैकब बेथेल ने 91 रन बनाए। अनुभवी बल्लेबाज जो रूट 74 रन बनाकर नाबाद लौटे।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




