छत्तीसगढ़भिलाई

बीएसपी-सीएसआर अंतर्गत मानपुर ब्लॉक के खड़गांव ग्राम में सहायक उपकरण वितरण हेतु दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों हेतु चयन शिविर आयोजित

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के लौह अयस्क खदान समूह दल्लीराजहरा द्वारा, भारत कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) जबलपुर के सहयोग से, ग्राम पंचायत खड़गांव (विकासखण्ड मानपुर, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी) में दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों हेतु सहायक उपकरण वितरण योजना के लिए दो दिवसीय चयन शिविर (स्क्रीनिंग कैम्प) का शुभारंभ किया गया। यह शिविर 03 एवं 04 सितम्बर 2025 को आयोजित किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन का भी सहयोग प्राप्त है। अब तक लगभग 197 हितग्राही पंजीकृत हो चुके हैं,जिनमें 137 मानपुर से और 60 मोहला से शामिल हैं। इन दिव्यांगजनों की जांच एवं मूल्यांकन कर सहायक उपकरणों की व्यवस्था की जाएगी।

दो दिवसीय चयन शिविर का उद्घाटन उप कलेक्टर, जी.आर. मरकाम (मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी) द्वारा किया गया। इस अवसर पर एसडीएम अमित नाथ योगी (मानपुर), जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा मंडावी, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती शाहिदा खान, सर्पंच श्रीमती रामिला धुर्वे (खड़गांव), ब्लॉक मेडिकल अधिकारी डॉ. गिरीश खोब्रागड़े (मानपुर) तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती भारती चंद्राकर (जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी) की गरिमामयी उपस्थिति रही।

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र एवं उसकी खदान विभाग की ओर से महाप्रबंधक (खदान-आईओसी राजहरा) अरुण कुमार, उप महाप्रबंधक (खदान-आईओसी राजहरा) मनीष जायसवाल, वरिष्ठ प्रबंधक (खदान-आईओसी राजहरा) राकेश कुमार ठाकुर, उप प्रबंधक (सीएसआर) कमलकांत वर्मा तथा सीएसआर विभाग से आशुतोष सोनी उपस्थित थे। साथ ही एलिम्को से डॉ. नरेंद्र कुमार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी शामिल हुए।

इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने कहा कि इस प्रकार के शिविर दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने इस पहल के लिए सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र एवं एलिम्को के प्रयासों की सराहना की, जिन्होंने ग्रामीण अंचल तक यह महत्त्वपूर्ण सहयोग सीधे पहुँचाया है।

शिविर में लाभार्थियों की स्क्रीनिंग कर उन्हें निःशुल्क उपकरण जैसे- ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, हियरिंग एड, दृष्टिबाधितों हेतु फोल्डिंग स्टिक, एम.एस.आई.ई.डी. किट, ट्राइपॉड, टेट्रापॉड, सर्वाइकल कॉलर, नी-बेस आदि प्रदान किए जाने हेतु चयनित किया जा रहा है। चयनित हितग्राहियों को उपकरण वितरित किए जाएंगे, जिससे वे अपने दैनिक जीवन की गतिविधियों को सुगमता से संचालित कर सकेंगे।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com.

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button