
भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा अपने कार्मिकों के जीवन के सबसे महत्वपूर्ण अवसरों में से एक जैसे विवाह की खुशी में सहभागी बनने एवं आत्मीय संबंधों को प्रगाढ़ करने के उद्देश्य से “कर्मचारी विवाह उपहार योजना” प्रारंभ की गई है। इस योजना के तहत 29 मार्च 2025 के पश्चात विवाह करने वाले नवदंपत्तियों को भेंट स्वरूप विशेष सेलम स्टील डिनर सेट प्रदान किया जाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र ने की। इस अवसर पर संयंत्र के कार्यपालक निदेशकगण सपत्निक उपस्थित थे। इसी क्रम में 13 अगस्त 2025 को भिलाई निवास के बहुउद्देशीय सभागार में “शुभ बंधन – ए टच ऑफ स्टील (इस्पाती स्पर्श)” शीर्षक से भेंट वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 12 नवविवाहित जोड़ों को उपहार भेंट कर उनके वैवाहिक जीवन के नए अध्याय के लिए शुभकामनाएँ दी गईं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र ने अपने संबोधन में मानव संसाधन विभाग की इस अभिनव पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वचन प्रदान किया। कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार ने सेल में इस प्रकार की योजना के प्रथम क्रियान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए टीम के प्रयासों की सराहना की।
समारोह में भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) एस मुखोपाध्याय, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) ए के चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (खदान) बिपिन कुमार गिरी, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ रवींद्रनाथ एम, सपत्निक उपस्थित रहे।
समारोह में कार्मिक गिरीष शोभवानी की जीवनसंगिनी श्रीमती प्रिया शोभवानी तथा कार्मिक दीपक पार्या ने इस योजना की सराहना करते हुए इसे कर्मचारियों के मनोबल और परस्पर जुड़ाव को बढ़ाने वाला कदम बताया। कार्यक्रम के दौरान स्टील मेल्टिंग शॉप-3 की महाप्रबंधक श्रीमती पुष्पा एंब्रोस ने संयंत्र में दीर्घकालीन कार्यानुभव साझा करते हुए नवविवाहितों और उनके जीवनसाथियों को संयंत्र की कार्यप्रणाली एवं सुरक्षा के महत्व पर प्रेरक संदेश दिया।
मानव संसाधन विभाग के महाप्रबंधक (एचआर) एच. शेखर ने इस योजना की कल्पना से लेकर इसके सफल क्रियान्वयन तक की यात्रा का विस्तारपूर्वक विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक (मा.सं.-एचआरआईएस) सुश्री निशा बाउल द्वारा तथा धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ प्रबंधक (मा.सं.-एचआरआईएस एवं नियमन) राहुल थोटे द्वारा किया गया। इस योजना का उद्देश्य कार्मिकों में अपनत्व की भावना विकसित करना है, जिससे संगठनात्मक रिश्तों में मजबूती और विश्वास का नया अध्याय जुड़ सके।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




