
सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र में सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अभिनव प्रयास के तहत, एचआर-एल एंड डी केन्द्र में लघु नाटिका कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग के समन्वय में आयोजित इस कार्यक्रम में संयंत्र के विभिन्न विभागों से संविदा कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य तकनीकी मानकों, सुरक्षित कार्य प्रणाली एवं मानक संचालन प्रक्रियाओं को व्यवहारिक और प्रभावशाली रूप से समझाना था। इस क्रम में जल प्रबंधन विभाग द्वारा प्रस्तुत पहली स्किट में सड़क सुरक्षा, मानवीय त्रुटियों और सतर्क ड्राइविंग की आवश्यकता को रेखांकित किया गया।

इसके पश्चात सिंटरिंग प्लांट-3 द्वारा दो अलग-अलग स्किट प्रस्तुत की गईं, जिनमें क्रमशः सीमित स्थान में कार्य करने हेतु सुरक्षा उपायों एवं ऊँचाई पर कार्य करते समय बॉडी हार्नेस और अन्य सुरक्षा चेक पॉइंट्स के महत्त्व को रेखांकित किया गया। कलाकारों ने जीवंत प्रस्तुति के माध्यम से यह दिखाया कि कैसे सुरक्षा मानकों की उपेक्षा दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है और समय पर सतर्कता इनसे बचाव कर सकती है।
कार्यक्रम की विशिष्टता यह रही कि तकनीकी विषयवस्तु को मनोरंजक नाटक के माध्यम से इस तरह प्रस्तुत किया गया कि वह हर वर्ग के संविदा कर्मियों को भी सहजता से समझ आ सके। स्थानीय भाषा, प्रासंगिक उदाहरणों और हास्य के समावेश ने संदेश को प्रभावशाली ढंग से संप्रेषित किया।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) देबदत्त सत्पथी, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सिंटर प्लांट्स) अनूप कुमार दत्ता, महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा अभियांत्रिकी) एस. सुनोव सहित एसईडी के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने इन प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए इस बात पर बल दिया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित किया जाना चाहिए, ताकि संयंत्र के जमीनी स्तर तक सुरक्षा की भावना और जागरूकता को विस्तार मिले। कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (एस एंड एफएस) एवं मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एसपी) द्वारा सभी कलाकारों को उपहार एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सुरक्षा इंजीनियरिंग विभाग के पीएम राजेन्द्र कुमार ने किया। विभागीय सुरक्षा अधिकारीगणों में राजेश देवांगन (एसपी-2), एनके गुप्ता (जल प्रबंधन), शोवन घोष एवं अजय टल्लू (एसईडी) ने इस आयोजन के सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




