
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के भिलाई प्रबंधन विकास केंद्र (बीएमडीसी) में 24 और 25 जून 2025 को “पीसीपी – सामग्री खरीद प्रक्रिया” विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संशोधित पीसीपी-2024 दिशा-निर्देशों पर आधारित था, जिसका उद्देश्य संयंत्र की खरीद प्रक्रियाओं में अधिक पारदर्शिता, दक्षता और सटीकता सुनिश्चित करना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार ने 24 जून 2025 को किया। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में एसीवीओ सुनील सिंघल उपस्थित रहे। दो दिवसीय प्रशिक्षण सत्र में विभिन्न विभागों के कुल 32 अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान केस स्टडी, समूह चर्चा और व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से सामग्री खरीद के विभिन्न चरणों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
अपने उद्घाटन संबोधन में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार ने कहा कि बदलते व्यावसायिक परिवेश में खरीद प्रणालियों को अधिक सुव्यवस्थित और उत्तरदायी बनाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि संशोधित पीसीपी-2024 फ्रेमवर्क संहिताकरण से लेकर बजट, निविदा और मूल्यांकन तक की प्रक्रिया में स्पष्टता और संरचना प्रदान करता है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावशाली बनती है।
विशेष अतिथि सुनील सिंघल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के केपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम आंतरिक प्रणालियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रक्रियात्मक समझ को सुदृढ़ करना और जागरूकता फैलाना परिचालन अनुशासन और उत्तरदायित्व को सशक्त करता है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की संकल्पना और रूपरेखा महाप्रबंधक (एचआर-एलएंडडी) सौरभ वार्ष्णेय द्वारा, महाप्रबंधक (एचआर-एलएंडडी) संजीव कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में तैयार की गई थी। प्रशिक्षण सत्र का संचालन उप प्रबंधक (एचआर-एलएंडडी) सुश्री सुस्मिता पाटला द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का समन्वयन जोजेन जोस और विकास सरीन ने किया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




