भिलाई इस्पात संयंत्र के वित्त एवं लेखा विभाग में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने कार्यशाला आयोजित…
अधिकारियों-कर्मचारियों से दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी अपनाने का आह्वान, प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों का हुआ सम्मान

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के वित्त एवं लेखा विभाग में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राजभाषा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीन निगम तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) आर. के. भट्टाचार्जी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) आशीष कुमार अग्रवाल, उप महाप्रबंधक (संपर्क व प्रशासन एवं प्रभारी राजभाषा) राघवेन्द्र कुमार गर्ग सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
हिंदी में कार्य करना प्राथमिकता और आदत बनाएं : प्रवीन निगम
मुख्य अतिथि प्रवीन निगम ने अपने संबोधन में कहा कि राजभाषा कार्यशालाओं को केवल संवैधानिक औपचारिकता तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि हिंदी में कार्यालयीन कार्य करना अपनी प्राथमिकता और आदत बनाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से हिंदी में हस्ताक्षर करने की शुरुआत करने तथा दैनिक कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
आशीष कुमार अग्रवाल ने कहा कि हिंदी में कार्य करने से कार्यालयीन प्रक्रियाओं में सरलता आती है और कार्यों की गति बढ़ती है। उन्होंने सहकर्मियों को भी हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
वहीं, राघवेन्द्र कुमार गर्ग ने कहा कि कार्यालयीन लेखन और टाइपिंग में हिंदी का अधिकाधिक उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र हिंदी भाषी क्षेत्र में स्थित है और अधिकांश कार्मिक हिंदी में संवाद करते हैं। ऐसे में हिंदी का प्रयोग कार्यक्षमता एवं कार्यदक्षता बढ़ाने में सहायक होगा।
स्वरचित कविताओं की प्रस्तुति ने बांधा समां
कार्यशाला की शुरुआत नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), भिलाई-दुर्ग द्वारा आयोजित ‘चित्र देखें–कविता लिखें’ प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार प्राप्त महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) अमृता गंगराडे की स्वरचित कविता के पाठ से हुई।
इस अवसर पर अनुभाग अधिकारी (स्टॉक वेरीफिकेशन) उज्ज्वल प्रसन्नो ने भी अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत की, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा।
उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन–राजभाषा) जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने प्रतिभागियों को हिंदी में समस्त कार्यालयीन कार्य करने की शपथ दिलाई। साथ ही राजभाषा से संबंधित सांविधिक प्रावधानों की जानकारी भी दी।
हिंदी मुहावरों पर प्रतियोगिता, विजेताओं को पुरस्कार
कार्यशाला के दौरान हिंदी भाषा के मुहावरों पर आधारित ‘रिक्त स्थान भरो प्रतियोगिता’ आयोजित की गई। इसमें प्रथम पुरस्कार अमृता गंगराडे, द्वितीय पुरस्कार उप महाप्रबंधक अविलाश प्रसाद पंसारी तथा तृतीय पुरस्कार उज्ज्वल प्रसन्नो को मिला।

सांत्वना पुरस्कार अरुण कुमार बंसल, नेहा रानी एवं सुनील कुमार शर्मा को प्रदान किए गए।
हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिक सम्मानित
विभाग में हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहित करने की परंपरा के तहत प्रत्येक तिमाही में पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इसी क्रम में पिछली तिमाही के लिए अहिंदी भाषी वर्ग में अनुभाग सहयोगी बी. रेणु तथा हिंदी भाषी वर्ग में उप महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) अरुण कुमार बंसल को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विभागीय पत्राचार में हिंदी के प्रयोग पर दिया जोर
इस अवसर पर उप महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) एवं विभागीय हिंदी समन्वय अधिकारी स्मिता जैन ने विभागीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि पिछली तिमाही की कार्यशाला में लिए गए निर्णयों का पूर्णतः पालन किया जा रहा है और विभागीय पत्राचार हिंदी में किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विभाग के कार्मिकों की रचनाएं संयंत्र की पत्रिका ‘भिलाई भाषा भारती’ तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग की पत्रिका ‘महानदी’ में नियमित रूप से प्रकाशित हो रही हैं। इसके अलावा संयंत्र एवं नराकास स्तर पर आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं में विभागीय कार्मिक उत्साहपूर्वक भाग लेकर पुरस्कार भी प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन अनुभाग अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने किया।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




