भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 में वार्षिक क्रीड़ा दिवस की धूम, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम…
पांच स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक जीतकर विद्यार्थियों ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव; विभिन्न हाउस के बीच हुईं रोमांचक खेल प्रतियोगिताएं

भिलाई। भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 में वार्षिक क्रीड़ा दिवस-2026 का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) प्रशांत ओझा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में महाप्रबंधक (शिक्षा) शिखा दुबे उपस्थित रहीं। इस अवसर पर महाप्रबंधक (नगर सेवाएं) राजेश कुमार साहू, बीएसपी शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी तथा अभिभावक-शिक्षक समिति के सदस्य डॉ. सुधाकर सिंह भी मौजूद रहे।
मशाल प्रज्वलन और मार्च पास्ट से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत मशाल प्रज्वलन, ध्वजारोहण और गुब्बारे छोड़ने के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के चारों हाउस के विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। इसका नेतृत्व विद्यालय के छात्र कप्तान चंदन यादव ने किया। राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी ऋषभ कुमार सोनवानी ने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन की शपथ दिलाई।

विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, ग़ज़ल, ड्रिल, गुजराती नृत्य और सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में उत्साह और उमंग का रंग भर दिया।
खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने हासिल किए पदक
विद्यालय के प्राचार्य विजय सिंह पवार ने अतिथियों का स्वागत किया। खेल प्रभारी एस.एन. साहू ने वार्षिक खेल प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए पिछले वर्ष विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यालय के विद्यार्थियों की उपलब्धियों की जानकारी दी।

विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक प्राप्त किए। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के अंडर-19 बालक वर्ग में आलोक कुमार सागर को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। इसके अलावा नीरज कुमार साहू, विकास निषाद, कृष मौर्य, श्रद्धा सिंह, लिपिका राव और रिंकी पिल्लई ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अर्जित किए।
अतिथियों ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
मुख्य अतिथि प्रशांत ओझा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि असफलताओं से सीख लेकर निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि शिखा दुबे ने विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों और समर्पण की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी।
हाउसवार मुकाबलों में पीस हाउस का शानदार प्रदर्शन
हाउसवार प्रतियोगिताओं में चैरिटी हाउस को सर्वश्रेष्ठ मार्च पास्ट हाउस घोषित किया गया। पीस हाउस ने सर्वश्रेष्ठ हाउस का खिताब हासिल किया, जबकि होप हाउस उपविजेता रहा।
बालक एवं बालिका वर्ग की कबड्डी और रिले दौड़ प्रतियोगिताओं में पीस हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रस्साकशी के बालक वर्ग में पीस हाउस और बालिका वर्ग में होप हाउस विजेता रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के लिए भी चेयर रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई और विजेताओं को सम्मानित किया गया।
सामूहिक प्रयासों से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम का संचालन सुनीता अनिल एवं संगीता मिश्रा ने किया। वरिष्ठ व्याख्याता सरिता शाक्य ने आभार प्रदर्शन किया। विद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से वार्षिक क्रीड़ा दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




