जन्मदिन पर किसानों को देंगे सौगात, प्रीतपाल बेलचंदन करेंगे धान खरीदी महापर्व का शुभारंभ…
66वें जन्मदिन पर किसान और सहकारिता परिवार के साथ पहुंचेंगे धान उपार्जन केंद्र, तिरगा और निकुम में सुबह होगा खरीदी का विधिवत आगाज

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर 2026 से किसानों के महापर्व धान खरीदी तिहार का शुभारंभ होने जा रहा है। इस विशेष अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन अपना 66वां जन्मदिन किसानों और सहकारिता परिवार के बीच मनाएंगे। जन्मदिन के अवसर को यादगार बनाते हुए वे विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों में पहुंचकर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ करेंगे।
तिरगा और निकुम धान खरीदी केंद्र से होगी शुरुआत
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रीतपाल बेलचंदन 15 नवंबर को सुबह 8 बजे धान उपार्जन केंद्र तिरगा पहुंचेंगे। यहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों, किसानों एवं सहकारिता परिवार की मौजूदगी में पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ करेंगे। इसके पश्चात सुबह 9 बजे धान उपार्जन केंद्र निकुम में भी धान खरीदी की शुरुआत करेंगे।
सांसद विजय बघेल के साथ अन्य केंद्रों का करेंगे शुभारंभ
तिरगा और निकुम में कार्यक्रम के बाद प्रीतपाल बेलचंदन दुर्ग सांसद विजय बघेल के साथ धान खरीदी केंद्र उरला, झीट एवं सांकरा के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही बैंक शाखा भवन अमलेश्वर के भूमि पूजन कार्यक्रम में भी उनकी सहभागिता रहेगी।
15 नवंबर से 15 जनवरी तक होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी
प्रदेश में 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी। खरीफ विपणन वर्ष के इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर किसानों में उत्साह है। धान खरीदी तिहार प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था और सहकारिता व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है।
अपने 66वें जन्मदिन पर प्रीतपाल बेलचंदन द्वारा किसानों के बीच पहुंचकर धान खरीदी का शुभारंभ करना इस अवसर को विशेष बनाएगा। उनका जन्मदिन इस बार किसान हित और सहकारिता परिवार के साथ जुड़ी गतिविधियों के बीच मनाया जाएगा।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




