कार्टून सिर्फ हंसाते नहीं, समाज को आईना दिखाकर सोचने पर भी करते हैं मजबूर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर में कार्टून फेस्टिवल-2026 का आयोजन, कार्टून वॉच पत्रिका के 30 वर्ष पूरे होने पर दी बधाई; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन, प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

रायपुर । कार्टून केवल हास्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज को जागरूक करने, गंभीर मुद्दों पर सोचने और आत्ममंथन के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम भी हैं। चित्र, विचार, हास्य और व्यंग्य के अनूठे समन्वय के जरिए कार्टून सामाजिक विसंगतियों और जनभावनाओं को प्रभावशाली ढंग से सामने रखते हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 को संबोधित करते हुए यह बात कही।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवा कार्टूनिस्टों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा को नई उड़ान देने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कार्टून वॉच पत्रिका के प्रकाशन के 30 वर्ष पूरे होने पर टीम को बधाई दी गई। साथ ही, प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
कार्टून लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कई बार जिस बात को हजारों शब्दों में कहना कठिन होता है, उसे एक प्रभावशाली कार्टून सरलता और गहराई के साथ व्यक्त कर देता है। कार्टून गंभीर विषयों को सहजता से जनमानस तक पहुंचाने की अद्भुत क्षमता रखते हैं।
उन्होंने कहा कि कला और साहित्य किसी भी समाज की चेतना के वाहक होते हैं। कार्टून कला इस दृष्टि से विशिष्ट है, क्योंकि इसमें चित्रों के माध्यम से विचारों, सामाजिक घटनाओं और परिस्थितियों को प्रभावी रूप में प्रस्तुत किया जाता है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, लोकतांत्रिक व्यवस्था में कार्टून जनभावनाओं, जनअपेक्षाओं और सामाजिक सरोकारों को अभिव्यक्ति देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। यह विधा लोगों को हंसाने के साथ उन्हें सामाजिक परिस्थितियों पर विचार करने के लिए भी प्रेरित करती है।
आर.के. लक्ष्मण के ‘कॉमन मैन’ का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने भारतीय कार्टून कला की समृद्ध परंपरा का उल्लेख करते हुए महान कार्टूनिस्ट आर.के. लक्ष्मण के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्मण का प्रसिद्ध ‘कॉमन मैन’ केवल एक कार्टून चरित्र नहीं, बल्कि देश के सामान्य नागरिक की आशाओं, अपेक्षाओं, जिज्ञासाओं और चिंताओं की पहचान बन गया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद बदलते भारत और उसकी सामाजिक परिस्थितियों को कार्टून के माध्यम से जिस प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, वह भारतीय पत्रकारिता और कार्टून कला की अमूल्य विरासत है।
युवा कार्टूनिस्टों को अपनी प्रतिभा निखारने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने युवा कार्टूनिस्टों से अपनी मौलिकता, कल्पनाशीलता और रचनात्मक दृष्टि को बनाए रखते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के विस्तार ने कलाकारों के लिए अभिव्यक्ति के नए मंच उपलब्ध कराए हैं।
युवा कलाकार इन अवसरों का उपयोग कर अपनी प्रतिभा को व्यापक पहचान दिला सकते हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ के युवा कार्टूनिस्ट अपनी रचनात्मकता के बल पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्टून कला को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की भी सराहना की। ऐसे प्रयासों से दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने और इस रचनात्मक विधा से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
कार्टून फेस्टिवल-2026 के दौरान जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि किसी कलाकार की दीर्घकालीन साधना और रचनात्मक योगदान का सम्मान पूरी कला विधा का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान नई पीढ़ी को उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। अनुभवी कलाकारों के योगदान को पहचानना कला के संरक्षण और संवर्धन के लिए महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा यात्रा पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्टून के माध्यम से किसी व्यक्तित्व और उसकी यात्रा को प्रस्तुत करना अभिव्यक्ति का विशिष्ट और रोचक माध्यम है।
कार्टून वॉच पत्रिका के 30 वर्ष पूरे
मुख्यमंत्री ने कार्टून वॉच पत्रिका के प्रकाशन के 30 वर्ष पूरे होने और 31वें वर्ष में प्रवेश करने पर संपादक त्र्यंबक शर्मा सहित पूरी टीम को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि तीन दशकों तक कार्टून जैसी विशिष्ट रचनात्मक विधा को समर्पित पत्रिका का निरंतर प्रकाशन उल्लेखनीय उपलब्धि है। कार्टून वॉच ने देशभर के स्थापित और नवोदित कार्टूनिस्टों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ इस कला के संरक्षण और संवर्धन में योगदान दिया है।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी कार्टून कला के महत्व पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि कार्टून के माध्यम से समाज के गंभीर और संवेदनशील विषयों को व्यंग्य के जरिए सहज एवं सरल रूप में रेखांकित किया जा सकता है। उन्होंने त्र्यंबक शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए पत्रिका के 30 वर्ष पूरे होने पर पूरी टीम को बधाई दी।
कला, संस्कृति और रचनात्मकता को प्रोत्साहन देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध कला, संस्कृति, साहित्य और रचनात्मक परंपराओं से है। राज्य सरकार इनके संरक्षण एवं संवर्धन के साथ कलाकारों और रचनाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि कार्टून फेस्टिवल जैसे आयोजन अनुभवी कलाकारों और युवा प्रतिभाओं को एक मंच पर लाकर कला एवं समाज के बीच रचनात्मक संवाद को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कार्टून फेस्टिवल-2026 के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, सहयोगियों, कार्टूनिस्टों और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ समाज में सकारात्मक और विचारशील संवाद को और समृद्ध करेंगे।
कार्यक्रम में कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा, हिमांशु द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पत्रकार, देश के विभिन्न हिस्सों से आए कार्टूनिस्ट, कलाकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




