दुर्ग में 40 मेडिकल फर्मों का निरीक्षण, नियमों की अनदेखी पर कई प्रतिष्ठानों को निलंबन नोटिस…
रिकॉर्ड में खामियां और फार्मासिस्ट नदारद मिलने पर मेडिकल स्टोर्स को नोटिस, 9 फर्मों पर निलंबन की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी

दुर्ग । जिले में औषधियों की बिक्री और भंडारण से जुड़े नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने 40 मेडिकल फर्मों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में औषधियों के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड और शेड्यूल एच-1 रजिस्टर का संधारण नियमानुसार नहीं पाया गया। वहीं, एक मेडिकल स्टोर में फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिलने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।

विभाग द्वारा पूर्व में किए गए निरीक्षणों के आधार पर जारी नोटिसों के संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आठ मेडिकल फर्मों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की प्रक्रिया भी जारी है।
रिकॉर्ड में अनियमितता मिलने पर दो मेडिकल स्टोर्स को नोटिस
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमधा ब्लॉक के ग्राम पेंडरी गोबरा में संचालित मेसर्स मां कमला मेडिकल स्टोर्स और आशा लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। दोनों फर्मों में औषधियों के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड और शेड्यूल एच-1 के रिकॉर्ड का संधारण नियमानुसार नहीं पाया गया। इस पर संबंधित प्रतिष्ठानों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए।
इसी प्रकार, नेहरू नगर स्थित आशीर्वाद ब्लड सेंटर के निरीक्षण के दौरान भिलाई के नेहरू नगर में संचालित मेसर्स दिशा मेडिकल स्टोर्स में फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाए गए। विभाग ने इस मामले में भी संबंधित फर्म को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है।
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आठ फर्मों के खिलाफ निलंबन की प्रक्रिया
विभाग के अनुसार, पिछले महीने किए गए निरीक्षणों में औषधियों के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड और शेड्यूल एच-1 के रिकॉर्ड के नियमानुसार संधारण में खामियां मिलने पर कुछ फर्मों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए थे। संबंधित फर्मों से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद आठ प्रतिष्ठानों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
इनमें शामिल हैं:
- मेसर्स न्यू भावना मेडिकल स्टोर्स, बोरसीभाठा, दुर्ग
- मां हरसिद्धि मेडिकोज, बोरसी, दुर्ग
- श्रीवेदिका मेडिकल स्टोर्स, कुम्हारी
- मेसर्स मां लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स, सिरसा रोड, कोहका
- प्रशांत मेडिकल, तितुरडीह
- मनीष मेडिकल, परमार गली, कैलाश नगर
- मेसर्स गुरुदेव मेडिकोज, ग्राम कातरो
- प्रधानमंत्री जन औषधि स्टोर्स, जलेबी चौक, भिलाई
कोटपा अधिनियम के तहत 11 चालानी कार्रवाई
औषधि प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के साथ ही विभाग ने कोटपा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की। दुर्ग के गंजपारा क्षेत्र में संचालित विभिन्न पान ठेलों पर 11 चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 700 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
औषधि निरीक्षकों का रहा विशेष योगदान
पूरी कार्रवाई में औषधि निरीक्षक जागेश्वरी साहू, विष्णु प्रसाद साहू और चंद्रकला ठाकुर का विशेष योगदान रहा। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य औषधियों के क्रय-विक्रय में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना और संबंधित प्रतिष्ठानों की जवाबदेही तय करना है।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।




