BSP में CVO सेल का दौरा, 260 मीटर लंबी रेल की रोलिंग से खनन गतिविधियों तक लिया जायजा…
दिलीप कुमार ने प्रिवेंटिव विजिलेंस कैंपेन के तहत उत्पादन इकाइयों का किया निरीक्षण, पारदर्शिता और नियमों के पालन पर जोर

भिलाई। त्रैमासिक प्रिवेंटिव विजिलेंस कैंपेन के तहत सेल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) दिलीप कुमार भिलाई प्रवास पर पहुंचे। उन्होंने पहले भिलाई इस्पात संयंत्र की राजहरा माइंस का दौरा कर खनन गतिविधियों और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इसके बाद 18 सितंबर को भिलाई इस्पात संयंत्र का भ्रमण करते हुए विभिन्न उत्पादन एवं परिचालन क्षेत्रों का अवलोकन किया और सतर्कता गतिविधियों की समीक्षा की। 
दौरे के दौरान मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (विजिलेंस, सेल) एवं अतिरिक्त प्रभार कार्यपालक निदेशक (विजिलेंस) ज्ञानेश झा भी उनके साथ मौजूद रहे।
सुरक्षा केंद्र से शुरू हुआ संयंत्र भ्रमण
संयंत्र भ्रमण की शुरुआत मेन गेट स्थित सुरक्षा उत्कृष्टता केंद्र से हुई। यहां CVO को संयंत्र के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान आवश्यक सुरक्षा निर्देशों और प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
इसके बाद वे बार एंड रॉड मिल पहुंचे। यहां उन्होंने उत्पादन प्रणाली और परिचालन गतिविधियों का अवलोकन किया। इसके बाद यूआरएम में 260 मीटर लंबी रेल की रोलिंग प्रक्रिया भी देखी गई। संयंत्र में रेल उत्पादन की प्रक्रिया और परिचालन व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी।
शीर्ष प्रबंधन के साथ हुई विस्तृत समीक्षा
इसके बाद निदेशक प्रभारी सभागार में सेल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में CVO दिलीप कुमार के साथ भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान CVO ने सेल और भिलाई इस्पात संयंत्र के शीर्ष प्रबंधन के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा संयंत्र के समग्र प्रदर्शन की समीक्षा की।
लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन में सतर्कता और नैतिक कार्यसंस्कृति पर संवाद
दौरे के क्रम में सिविक सेंटर स्थित महात्मा गांधी कला मंदिर सभागार में लार्ज ग्रुप इंटरेक्शन का आयोजन किया गया। इसमें दिलीप कुमार ने वरिष्ठ प्रबंधन के सदस्यों और अधिकारियों के साथ सतर्कता, पारदर्शिता, नैतिक कार्यसंस्कृति तथा उत्तरदायी कार्यप्रणाली से जुड़े विषयों पर संवाद किया।
कार्यक्रम में ज्ञानेश झा, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (रावघाट) अरुण कुमार, मुख्य महाप्रबंधक एसीवीओ (विजिलेंस) सुनील सिंघल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पारदर्शिता और नियमों के पालन को प्राथमिकता देने के निर्देश
दौरे के दौरान CVO ने भिलाई इस्पात संयंत्र की विजिलेंस गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सतर्कता से संबंधित प्रावधानों के प्रति सजग रहने तथा कार्यों में पारदर्शिता, निष्पक्षता और नियमों के अनुपालन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
त्रैमासिक प्रिवेंटिव विजिलेंस कैंपेन के तहत हुआ यह दौरा उत्पादन गतिविधियों के साथ-साथ संस्थागत सतर्कता व्यवस्था, नैतिक कार्यसंस्कृति और जवाबदेह कार्यप्रणाली की समीक्षा पर केंद्रित रहा।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।
सोशल मीडिया लिंक
https://www.facebook.com/
https://twitter.com/
https://instagram.com/
https://whatsapp.com/channel/
खबरों की अपडेट पाने के लिये subscribe करे
www.jantakikalam.com.




