
दुर्ग। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को दुर्ग जिले में दीपों की रोशनी से शहर से लेकर गांव तक एक साथ जगमगाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘हर घर में एक दीप जले, विकास के नाम’ संदेश के साथ जिला स्तरीय दीप प्रज्वलन कार्यक्रम पुरानी पुलिस लाइन स्थित रक्षित आरक्षी पुलिस केंद्र मैदान में आयोजित किया गया। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर 1.25 लाख दीप प्रज्वलित किए गए।

कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बड़ी संख्या में नागरिक, युवा और महिलाएं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। दीपों की रोशनी के बीच पूरा परिसर उत्सव और सहभागिता के माहौल में नजर आया।
जिलेभर में लाखों दीपों से रोशन हुए घर और शहर
जिला स्तरीय आयोजन के साथ दुर्ग जिले के विभिन्न नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में भी दीप प्रज्वलित किए गए। चिन्हांकित 30 ग्राम पंचायतों में 30 हजार दीप, नगर निगम दुर्ग में 30 हजार, भिलाई-चरोदा में 5 हजार, भिलाई नगर निगम में 1.25 लाख और रिसाली नगर निगम में 51 हजार ‘आशीर्वाद के दीप’ प्रज्वलित किए गए।
विकासखंड स्तर पर भी बड़ी संख्या में परिवार इस अभियान से जुड़े। दुर्ग विकासखंड में प्रत्येक घर में अनुमानित 75 हजार दीप, धमधा में करीब 1.20 लाख दीप और पाटन विकासखंड की ग्राम पंचायतों के अंतर्गत लगभग 1.10 लाख दीप जलाए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित परिवारों ने भी अपने नए घरों में दीप जलाकर अभियान में सहभागिता की।
सेवा और विकास के संदेश के साथ दीप प्रज्वलन
सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेवा और समर्पण की भावना के साथ देश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में भी देश ने अनेक चुनौतियों का सामना किया।
उन्होंने कहा कि उस समय देश में वैक्सीन का निर्माण हुआ और बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाया गया। भारत ने अपने नागरिकों के साथ जरूरत के समय अन्य देशों को भी वैक्सीन उपलब्ध कराकर सहयोग की भावना प्रदर्शित की।
‘आशीर्वाद का दीया’ बना एकता और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक
कार्यक्रम को वरिष्ठ नागरिक सुरेंद्र कौशिक ने भी संबोधित किया। उन्होंने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि दीपों की रोशनी देश की एकता, प्रगति और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है।
सांसद विजय बघेल ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत सीईओ बी.के. दुबे ने आभार व्यक्त किया।
आयोजन में संभाग आयुक्त एस.एन. राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसएसपी विजय अग्रवाल, अपर कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष माया बेलचंदन, पूर्व महापौर चन्द्रिका चन्द्राकर, पद्मा देवांगन, दिलीप साहू, विनोद अरोरा, सरिता मिश्रा, अशोक राठी, मनोज सोनी, शिव चन्द्राकर, दिनेश देवांगन, संदीप जैन, कांती लाल जैन, नरेश केशवानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इन खबरों का लाभ लेने के लिए अपने परिचितों को फॉरवर्ड करना ना भूलें।
सोशल मीडिया लिंक
https://www.facebook.com/
https://twitter.com/
https://instagram.com/
https://whatsapp.com/channel/
खबरों की अपडेट पाने के लिये subscribe करे
www.jantakikalam.com.




