मैदान में गूंजा फिटनेस का जोश, मेजर ध्यानचंद की याद में युवाओं ने दिखाया खेल के प्रति जुनून…
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में खेल दिवस पर ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ का संदेश, विद्यार्थियों ने किया जुंबा और शारीरिक गतिविधियों का अभ्यास

रायपुर । मेजर ध्यानचंद की स्मृति में राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का आयोजन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया गया। भारत सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा भारतीय खेल प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम की इस वर्ष की थीम ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ एवं ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल थे, जबकि अध्यक्षता अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा ने की। समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए।
ध्यानचंद को श्रद्धांजलि से हुआ आयोजन का आगाज
कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा ने विद्यार्थियों को खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि व्यायाम और खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने छात्रों से दैनिक दिनचर्या में खेल और व्यायाम को शामिल करने का आह्वान किया।
शारीरिक शिक्षा और योग पर पुस्तक का विमोचन
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के खेल अधिकारी डॉ. राम कुमार ठाकुर द्वारा लिखित पुस्तक “Physical Education, First Aid, Yoga and Meditation: A Practical Perspective” का विमोचन किया गया। पुस्तक में शारीरिक शिक्षा, प्राथमिक उपचार, योग और ध्यान से जुड़े विषयों को व्यावहारिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है।
कुलपति ने दिया रोज एक घंटा खेल का संदेश
कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने विद्यार्थियों को खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं।
उन्होंने फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत संचालित ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान की उपयोगिता बताते हुए विद्यार्थियों से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल अथवा अन्य शारीरिक गतिविधियों के लिए समर्पित करने का आह्वान किया।
जुंबा और फिटनेस एक्टिविटी में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यार्थियों के लिए एक घंटे के जुंबा सहित विभिन्न शारीरिक गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लिया और फिटनेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
कार्यक्रम में डॉ. प्रवीण वर्मा, डॉ. आशुतोष दुबे, सूबेदार मेजर गोवर्धन शर्मा, डॉ. राम कुमार ठाकुर सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




