bhilai-steel-plantchhattisgarhछत्तीसगढ़भिलाई

गुणवत्ता से सुरक्षा तक, बीएसपी को 2029 तक मिला IMS का पुनः प्रमाणन…

QMS, EMS और OHSMS के ऑडिट में सफलता; प्रबंधन प्रणालियों के अंतरराष्ट्रीय मानकों पर मुहर

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र ने गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और कार्यस्थल पर स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संयंत्र और दल्लीराजहरा मैकेनाइज्ड माइंस को इंटीग्रेटेड मैनेजमेंट सिस्टम (IMS) का री-सर्टिफिकेशन वर्ष 2029 तक के लिए प्रदान किया गया है।

मई 2026 में बीएसपी एवं दल्लीराजहरा मैकेनाइज्ड माइंस में क्वालिटी मैनेजमेंट सिस्टम (QMS), एनवायरनमेंटल मैनेजमेंट सिस्टम (EMS) और ऑक्यूपेशनल हेल्थ एंड सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम (OHSMS) का री-सर्टिफिकेशन ऑडिट किया गया था।

पांच दिन चला विस्तृत ऑडिट

मेसर्स TÜV India Private Limited के पांच ऑडिटरों की टीम ने पांच दिनों तक संयंत्र में विस्तृत और गहन ऑडिट किया। ऑडिट के बाद तीनों प्रबंधन प्रणालियों के लिए आगामी तीन वर्षों की अवधि हेतु आईएमएस री-सर्टिफिकेशन प्रदान किया गया।

28 अगस्त 2026 को जारी प्रमाण-पत्रों को पोस्टर के रूप में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार ने औपचारिक रूप से विमोचित किया। बिजनेस एक्सीलेंस विभाग की महाप्रबंधक सुरैया एस. कादर ने प्रमाण-पत्र पोस्टर उन्हें सौंपा। कार्यक्रम में उप महाप्रबंधक पी. के. साहू और वरिष्ठ प्रबंधक रवि कुमार मौजूद रहे।

तीन ISO मानकों पर मिला प्रमाणन

बीएसपी को निम्न प्रबंधन प्रणालियों के लिए प्रमाणन प्राप्त हुआ है—

  • QMS – ISO 9001: गुणवत्ता प्रबंधन
  • EMS – ISO 14001: पर्यावरण प्रबंधन
  • OHSMS – ISO 45001: व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा प्रबंधन

इन मानकों का अनुपालन उत्पाद एवं सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर करने, पर्यावरणीय प्रदर्शन मजबूत करने और कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

जोखिम कम करने और दक्षता बढ़ाने में मदद

आईएमएस के माध्यम से वैधानिक एवं नियामकीय आवश्यकताओं के अनुपालन को मजबूत करने, कार्यस्थल से जुड़े जोखिमों को कम करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने और प्रक्रियाओं में निरंतर सुधार को प्रोत्साहन मिलता है। साथ ही इससे ग्राहकों का विश्वास मजबूत होने और संगठन की समग्र प्रतिष्ठा बेहतर होने में भी मदद मिलती है।

बीएसपी के लिए यह री-सर्टिफिकेशन गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित कार्य संस्कृति के प्रति उसके निरंतर प्रयासों को आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

 

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे      https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button