भिलाई

एसएमएस-3 में इन-हाउस तकनीकी विशेषज्ञता से विकसित नवीन लांस जाम कटिंग कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण…

भिलाई/ कार्यस्थल पर सुरक्षा को और सुदृढ़ करने तथा परिचालन विश्वसनीयता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप-3 (एसएमएस-3) में नवीन इन-हाउस लांस जाम कटिंग कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण 14 अगस्त 2026 को कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) बी. के. बेहरा द्वारा किया गया।

यह सुविधा एसएमएस-3 के बी.ओ.एफ. कॉम्प्लेक्स में बी.ओ.एफ.-3 के पश्चात स्थित पुराने लांस कटिंग स्टैंड के समीप विकसित की गई है। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (उपयोगिताएँ) जे. पी. सिंह एवं मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) त्रिभुवन बैठा, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) प्रद्युम्न सतपथी, महाप्रबंधक (प्रचालन-प्रभारी) प्रमोद अग्रवाल, महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं प्रशिक्षण) उमाशंकर परगनिहा, महाप्रबंधक (एसएमएस-3 कार्यालय) दिलीप वार्ष्णेय एवं महाप्रबंधक (मैकेनिकल) अजीत नारायण सहित एसएमएस-3 के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) बी. के. बेहरा ने एसएमएस-3 की पूरी टीम को इस पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने सुरक्षा के क्षेत्र में इन-हाउस तकनीकी विशेषज्ञता के प्रभावी उपयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास सुरक्षित एवं विश्वसनीय परिचालन के साथ-साथ लागत अनुकूलन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

शॉप-फ्लोर की व्यावहारिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित यह पहल अन्य इकाइयों के लिए भी अनुकरणीय है। नवीन कॉम्प्लेक्स को ऊंचाई पर किए जाने वाले लांस जाम कटिंग कार्य की प्रकृति एवं सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बेहतर कार्य प्लेटफॉर्म एवं आवश्यक सुरक्षा प्रावधानों के साथ विकसित किया गया है।

इससे लांस जाम कटिंग जैसी महत्वपूर्ण गतिविधि को अधिक सुरक्षित, नियंत्रित एवं सुविधाजनक तरीके से संपादित करने में सहायता मिलेगी तथा कार्य के दौरान संभावित असुरक्षित परिस्थितियों को कम किया जा सकेगा। बेहतर कार्य प्लेटफॉर्म, सुगम पहुंच एवं आवश्यक सुरक्षा प्रावधानों के समावेश से सुरक्षा स्तर को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

यह पहल सुरक्षित कार्य पद्धतियों को बढ़ावा देने और शॉप-फ्लोर पर मौजूद व्यावहारिक सुरक्षा चुनौतियों के प्रभावी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल की प्रमुख विशेषता यह रही कि नवीन कॉम्प्लेक्स की संकल्पना से लेकर डिजाइन एवं निष्पादन तक का कार्य भिलाई इस्पात संयंत्र की इन-हाउस तकनीकी विशेषज्ञता एवं उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से किया गया।

यह एसएमएस-3 की उत्कृष्ट अभियांत्रिकी क्षमता, नवाचार एवं आत्मनिर्भर कार्यशैली का परिचायक है। कॉम्प्लेक्स का डिजाइन उप महाप्रबंधक (मैकेनिकल) राकेश वृष्णवंशी ने सेवानिवृत्त महाप्रबंधक (मैकेनिकल) संजीबा मिश्रा एवं महाप्रबंधक (मैकेनिकल) अजीत नारायण के मार्गदर्शन में तैयार किया।

इसके निष्पादन में वरिष्ठ प्रबंधक (मैकेनिकल) चंदन चतुर्वेदी, वरिष्ठ प्रबंधक (मैकेनिकल) अमृत आशुग पाल एवं उप प्रबंधक (मैकेनिकल) एन. जे. राव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे प्रोजेक्ट के निष्पादन का कार्य मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) त्रिभुवन बैठा के मार्गदर्शन एवं महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) प्रद्युम्न सतपथी तथा महाप्रबंधक (प्रचालन-प्रभारी) प्रमोद अग्रवाल की निगरानी एवं समन्वय में किया गया।

मुख्य महाप्रबंधक (उपयोगिताएँ) जे. पी. सिंह ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि शॉप-फ्लोर की व्यावहारिक सुरक्षा चुनौती का इन-हाउस तकनीकी विशेषज्ञता के माध्यम से प्रभावी निराकरण इस परियोजना की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाने के साथ-साथ परिचालन की विश्वसनीयता एवं निरंतरता को भी सुदृढ़ करते हैं।

मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) त्रिभुवन बैठा ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि नवीन लांस जाम कटिंग कॉम्प्लेक्स “सुरक्षा प्रथम, नवाचार एवं आत्मनिर्भरता” की कार्यसंस्कृति के प्रति एसएमएस-3 की प्रतिबद्धता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि शॉप-फ्लोर की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किए गए ऐसे इन-हाउस समाधान सुरक्षित, कुशल एवं विश्वसनीय संचालन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button