भिलाई

बीएसपी में “पावर प्लांट ऑपरेशन में सुरक्षा” विषय पर तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित…

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने तथा परिचालन उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “पावर प्लांट ऑपरेशन में सुरक्षा” विषय पर तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी) में किया गया।

सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग (एसईडी) द्वारा नेशनल सेफ्टी काउंसिल (एनएससी), मुंबई के सहयोग से आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन (पीबीएस) एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) देवदत्त सतपथी तथा महाप्रबंधक (पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन) पी कृष्णमोहन उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में श्री देवदत्त सतपथी ने कहा कि पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन में हाल ही में हुई अग्नि दुर्घटना के परिप्रेक्ष्य में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों के साथ सक्रिय संवाद स्थापित करने, प्रश्न पूछने तथा अपने व्यावहारिक अनुभव साझा कर अधिकतम लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन) पी कृष्णमोहन ने कहा कि सुरक्षित एवं निर्बाध पावर प्लांट संचालन के लिए निरंतर सीखना, संभावित खतरों की पहचान, जोखिम मूल्यांकन तथा सुरक्षित कार्य प्रणालियों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को अपने दैनिक कार्यों में अपनाकर विभाग में मजबूत सुरक्षा संस्कृति विकसित करने का आग्रह किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के तकनीकी सत्रों का संचालन नेशनल सेफ्टी काउंसिल, मुंबई के विशेषज्ञ संकाय सदस्य पी. के. सिंह एवं बी. के. लुहा द्वारा किया जा रहा है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान पावर प्लांट सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान, संवादात्मक चर्चा, व्यावहारिक केस स्टडी, प्रदर्शन तथा अनुभव साझा करने के सत्र आयोजित किए गए।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन एवं संबंधित विभागों के कुल 25 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता रही। प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वय सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग के अरिजीत रॉय द्वारा किया गया, जिन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन की जिम्मेदारी निभाई।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button