जनमित्र अभियान के तहत यातायात, साइबर सुरक्षा एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम दारगांव और कोतवाली क्षेत्र में आयोजित…

दुर्ग/ संक्षिप्त विवरण :
दुर्ग पुलिस द्वारा संचालित जनमित्र अभियान के अंतर्गत ग्राम दारगांव थाना धमधा क्षेत्र में यातायात जागरूकता एवं हेलमेट अनिवार्यता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री शमशाद बेगम द्वारा महिला कमांडो को संबोधित करते हुए कहा गया कि प्रत्येक परिवार में सबसे पहले भाई, बेटे एवं पति को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
साथ ही महिला कमांडो को अपने-अपने गांवों की मुख्य सड़कों पर प्रतिदिन कम से कम दो घंटे तक हेलमेट अनिवार्यता संबंधी जागरूकता अभियान चलाने हेतु प्रेरित किया गया। पद्मश्री शमशाद बेगम ने बताया कि उनके प्रयासों से बालोद जिले के बोरी पंचायत गुंडरदेही एवं सिड्डी पंचायत क्षेत्र में नागरिक पूर्णतः हेलमेट धारी बन चुके हैं तथा भविष्य में दुर्ग जिले के सभी गांवों में महिला कमांडो के सहयोग से हेलमेट जागरूकता अभियान को प्रभावी रूप से संचालित किया जाएगा।
उन्होंने दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनमित्र अभियान की सराहना भी की। कार्यक्रम में एसडीओपी धमधा डॉ. चित्रा वर्मा द्वारा साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों जैसे मोबाइल पर गलत फोटो-वीडियो भेजकर धमकी देना, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी करना एवं एपीके फाइल के माध्यम से होने वाले साइबर फ्रॉड के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
साथ ही साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की अपील की गई। थाना प्रभारी धमधा रामनारायण सिंह ध्रुव द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत 1933 हेल्पलाइन नंबर की जानकारी देते हुए बताया गया कि सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
इसके अतिरिक्त यातायात संबंधी किसी भी समस्या अथवा सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर 1033 पर तत्काल सूचना देने का आग्रह किया गया। इसी क्रम में सुशासन बिहार कार्यक्रम के दौरान थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में जनमित्र योजना अंतर्गत एक जागरूकता पंडाल लगाया गया, जिसमें यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव एवं महिला संबंधी अपराधों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम लोगों ने सहभागिता करते हुए पुलिस द्वारा दिए गए सुरक्षा संबंधी सुझावों की जानकारी प्राप्त की।
▪️ स्थल : ग्राम दारगांव थाना धमधा एवं थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र, जिला दुर्ग।
▪️ सराहनीय भूमिका : थाना धमधा पुलिस, थाना सिटी कोतवाली पुलिस, महिला कमांडो दल एवं जनमित्र अभियान से जुड़े पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील : दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करते हुए अनिवार्य रूप से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करें। साइबर ठगी, नशा संबंधी गतिविधियों अथवा किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर जानकारी देकर पुलिस का सहयोग करें।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




