
भिलाई नगर। मार्च माह में देश का जीएसटी संग्रह 2 लाख करोड़ रुपये के पार पहुँच गया है। यह आँकड़ा मार्च 2025 के 1.83 लाख करोड़ रुपये की तुलना में 8.8% अधिक है। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कुल जीएसटी संग्रह 22.27 लाख करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष 2024-25 के 20.55 लाख करोड़ रुपये से 8.3% अधिक है। यह उपलब्धि देश की आर्थिक मजबूती और व्यापारियों के निरंतर योगदान का प्रमाण है।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज़ के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि जीएसटी संग्रह में लगातार वृद्धि यह दर्शाती है कि व्यापारी समाज देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि 20 लाख करोड़ से बढ़कर 22 लाख करोड़ तक पहुँचना केवल आँकड़ा नहीं, बल्कि उपभोक्ता के विश्वास और व्यापारी के परिश्रम का जीवंत प्रमाण है। उपभोक्ता को लाभ मिल रहा है, व्यापारी को गर्व मिल रहा है और देश की अर्थव्यवस्था नई ऊँचाइयों पर पहुँच रही है।
श्री भसीन ने कहा कि हर व्यापारी जब ईमानदारी से कर अदा करता है, तो वह केवल सरकार को सहयोग नहीं देता, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सीधा योगदान करता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के व्यापारियों को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि यहाँ के व्यापारी देश की प्रगति में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने अपील की कि आने वाले वर्षों में व्यापारी समाज इसी तरह योगदान देकर भारत को विश्व की सबसे मज़बूत अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करे। हमें गर्व है कि हम सब मिलकर देश को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बना रहे हैं।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




