छत्तीसगढ़भिलाई

संयंत्र के आरईडी विभाग में सुरक्षा जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ…

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के रिफ्रैक्टरी इंजीनियरिंग विभाग (आरईडी) द्वारा दिनांक 09 मार्च, 2026 को सुरक्षा जागरूकता सप्ताह- 2026 का शुभारंभ आरईडी कॉन्फ्रेंस हॉल में किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) राकेश कुमार रहे व विशिष्ठ अतिथि के तौर पर मुख्य महाप्रबंधक (एसईडी) देबदत्त सतपथी, मुख्य महाप्रबंधक (आरईडी) प्रोसेनजीत दास तथा महाप्रबंधक (एचआर- आई एंड एस, वेलफेयर) सुश्री के. सुपर्णा उपस्थित रही।

अपने संबोधन में कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) राकेश कुमार ने संयंत्र के संचालन में रिफ्रैक्टरी विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रिफ्रैक्टरी विफलताएँ कई बार गंभीर परिचालन एवं वित्तीय हानि का कारण बनती हैं। उन्होंने कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ करने, विफलताओं का विश्लेषण कर उनकी पुनरावृत्ति रोकने, प्रक्रिया सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का कड़ाई से पालन करने का आग्रह किया।

उन्होंने संविदा श्रमिकों को भी सुरक्षा के प्रति व्यक्तिगत प्रतिबद्धता विकसित करने तथा लैडल विफलताओं को कम करने में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान हाल की कुछ घटनाओं का संक्षिप्त उल्लेख करते हुए सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन की आवश्यकता को रेखांकित किया गया।

इस अवसर पर एसओपी, खतरों की पहचान और जोखिम मूल्यांकन (एचआईआरए) एवं परमिट टू वर्क जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा विषयों को समाहित करते हुए तैयार की गई एक ‘सेफ्टी पॉकेटबुक’ का लोकार्पण भी किया गया, जिसे कर्मचारियों एवं संविदा श्रमिकों के बीच वितरित किया जाएगा, ताकि कार्यस्थल पर सुरक्षा जागरूकता को और सुदृढ़ किया जा सके।

मुख्य महाप्रबंधक (एसईडी) देबदत्त सतपथी ने अपने संबोधन में कहा कि संविदा सुरक्षा प्रबंधन (कॉन्ट्रैक्टर सेफ्टी मैनेजमेंट) इस अवधि का एक प्रमुख फोकस क्षेत्र रहेगा। उन्होंने संयंत्र की सुरक्षा संस्कृति को और मजबूत बनाने के लिए विक्रेताओं एवं संविदा श्रमिकों की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया।

मुख्य महाप्रबंधक (आरईडी) प्रोसेनजीत दास ने सप्ताह भर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान सुरक्षा नाटक, संविदा महिला श्रमिकों के लिए ‘नई चेतना’ कार्यक्रम, मानसिक स्वास्थ्य कार्यशाला, सुरक्षा मानक परीक्षण, टूलबॉक्स टॉक प्रतियोगिता, हाउसकीपिंग प्रतियोगिता तथा रक्षात्मक ड्राइविंग पर आधारित प्रश्नोत्तरी जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन कार्यक्रम का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन सहायक महाप्रबंधक (आरईडी) सुश्री मालिनी परगनिहा द्वारा किया गया।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button