छत्तीसगढ़भिलाई

अंतरविभागीय खेल प्रतियोगिता ‘जोश–2026’ का सफल आयोजन…

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन-ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग द्वारा दिनांक 02 से 16 फरवरी 2026 तक अंतरविभागीय खेल प्रतियोगिता “जोश–2026” का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। लगभग एक दशक के अंतराल के पश्चात आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों, कार्मिकों एवं अधिकारियों के मध्य टीम भावना, सकारात्मक सोच, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं संगठन के प्रति जुड़ाव की भावना को सुदृढ़ करना था।

प्रतियोगिता के अंतर्गत 2 फरवरी से 14 फरवरी तक समस्त इनडोर खेलों का आयोजन हॉस्टल क्रमांक–2 एवं 3 में किया गया, जबकि 16 फरवरी को जयंती स्टेडियम में आउटडोर खेल प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। इस आयोजन में सभी ट्रेड अपरेंटिस, ए.सी.टी., ओ.सी.टी. प्रशिक्षणार्थियों के साथ-साथ विभागीय कार्मिकों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

समापन समारोह में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, महाप्रबंधक प्रभारी (एच.आर.–एल. एंड डी.) संजीव श्रीवास्तव, महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) जे.एन. ठाकुर, उप महाप्रबंधक (एच.आर.–एससीसीए) राजेन्द्र प्रसाद, महाप्रबंधक (एच.आर.–एल. एंड डी.) मुकुल सहारिया तथा उप महाप्रबंधक (एच.आर.–एल. एंड डी.) वाई एस जौहरी उपस्थित थे।

मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि खेल गतिविधियां व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सामूहिकता की भावना को प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने इस आयोजन को आगामी वर्षों में भी निरंतर जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।

संजीव श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए कहा कि “जोश–2026” केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि संगठनात्मक संस्कृति को सशक्त करने की एक सार्थक पहल है। उन्होंने बताया कि 10 वर्षों के अंतराल के बाद इस प्रतियोगिता का पुनः आयोजन विभाग में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा।

“जोश–2026” के अंतर्गत प्रतियोगिताओं को दो श्रेणियों प्रशिक्षणार्थी एवं विभागीय श्रेणी में आयोजित किया गया। प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, शॉटपुट, गोला फेंक, 100 मीटर दौड़, 400 मीटर रिले रेस तथा म्यूजिकल चेयर जैसी विभिन्न खेल विधाओं का आयोजन किया गया।

प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी क्षमता, समर्पण एवं खेल कौशल का प्रदर्शन किया। विजयी प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्पूर्ण आयोजन का समन्वयन संजय सिंह द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (एच.आर.–एल. एंड डी.) श्री सौरभ वार्ष्णेय द्वारा प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मी नारायण अग्रवाल द्वारा किया गया। प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में सुधाकर यादव, प्रवीण कुमार एवं अजय कुमार तिवारी का विशेष योगदान रहा।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button