
दुर्ग : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत दिनांक 28.01.2026 को Crest Steel Plant, रसमड़ा में यातायात पुलिस, दुर्ग द्वारा विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्लांट में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के महत्व के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
उपस्थित जनों को बताया गया कि नशे की हालत में वाहन चलाना (Drink and Drive) सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, जिससे स्वयं के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों एवं राहगीरों का जीवन भी गंभीर खतरे में पड़ जाता है, अतः इस प्रकार की गतिविधियों से पूर्णतः बचना आवश्यक है।
कार्यक्रम में दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के अनिवार्य उपयोग के संबंध में जागरूक करते हुए बताया गया कि हेलमेट दुर्घटना की स्थिति में सिर की गंभीर चोट से बचाव का सबसे प्रभावी साधन है। साथ ही चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के नियमित उपयोग तथा सभी वाहन चालकों को वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की सख्त समझाइश दी गई, क्योंकि मोबाइल का उपयोग ध्यान भटकाता है और दुर्घटना की संभावना को कई गुना बढ़ा देता है।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में पुलिस द्वारा भारी वाहनों के ब्लाइंड स्पॉट (Blind Spot) के संबंध में जानकारी देते हुए समझाया गया कि ट्रक, बस एवं अन्य भारी वाहनों के आसपास कुछ ऐसे क्षेत्र होते हैं जो चालक को सीधे दिखाई नहीं देते, जिनकी चपेट में आने से गंभीर दुर्घटनाएं घटित होती हैं। इस संबंध में उपस्थित कर्मचारियों को भारी वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, ओवरटेक करते समय विशेष सतर्कता बरतने तथा अनावश्यक रूप से उनके बहुत पास न चलने की समझाइश दी गई।
साथ ही ओवरस्पीडिंग से बचने, लेन अनुशासन का पालन करने, यातायात संकेतों एवं साइन बोर्ड का सम्मान करने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा संयम एवं सतर्कता के साथ वाहन चलाने पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवारजनों, सहकर्मियों एवं परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




