छत्तीसगढ़दुर्ग

यातायात सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत पुलिस विभाग एवं PWD–NHAI के मध्य सड़क सुरक्षा को लेकर समन्वय बैठक आयोजित

दुर्ग – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में दिनांक 13.01.2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय दुर्ग में यातायात सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सड़क सुरक्षा विषय पर पुलिस विभाग एवं लोक निर्माण विभाग / एनएचएआई के मध्य परिचर्चा आयोजित की गई।

परिचर्चा में पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री ऋचा मिश्रा, कार्यपालन अभियंता  गोविंद अहिरवार, एसडीओ राष्ट्रीय राजमार्ग आर.डी. बनजीर, उप अभियंता जयंत वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु निम्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई—
सर्विस लेन एवं मेन लेन के बीच दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु क्रैश बैरियर निर्माण पर विचार-विमर्श किया गया।

वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट उपयोग हेतु प्रेरित करने के लिए उपयुक्त स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाए जाने के निर्देश PWD को दिए गए। सड़क मरम्मत कार्य के दौरान नेहरू नगर चौक को अस्थायी रूप से बंद किए जाने के संबंध में आवश्यक समन्वय पर चर्चा की गई।

ओवरब्रिज से उतरते समय जंक्शन को स्पष्ट दर्शाने हेतु लाल रंग का पेंट किए जाने पर सहमति बनी। कोसा नाला के पास स्थित मिडिल कट को बंद कर यातायात को सुरक्षित बनाए जाने पर विचार किया गया। सिरसा गेट, रॉयल खालसा एवं खुर्सीपार क्षेत्र में कंक्रीट ब्लॉक लगाए जाने पर चर्चा की गई, जिससे भारी वाहन सर्विस लेन में प्रवेश न कर सकें।

नेहरू नगर से सुपेला तक फ्लाईओवर निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजे जाने की जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल द्वारा उपस्थित समस्त सदस्यों को भेंट स्वरूप कैलेंडर का वितरण भी किया गया।

परिचर्चा के दौरान सभी विभागों के मध्य आपसी समन्वय से कार्य करते हुए चरणबद्ध रूप से सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर सहमति व्यक्त की गई, जिससे यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाया जा सके।
— दुर्ग पुलिस

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button