
भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी फाइनेंस कंपनी में सर्विस ड्राइवर के रूप में कार्य करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 दिसंबर 2025 को प्रार्थी शंकर राव पिपलकर, निवासी चरोदा, पुरानी भिलाई ने थाना पुरानी भिलाई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 07 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे वे पारिवारिक कार्यक्रम में रायपुर गए थे। उसी दौरान उनके मकान के किरायेदार भी नया मकान शिफ्ट हो चुके थे।
08 दिसंबर की सुबह पड़ोसियों ने सूचना दी कि मकान का ताला टूटा हुआ है। रायपुर से वापस आकर देखने पर पाया गया कि मकान का सामने का प्लाई दरवाजा, अंदर की लकड़ी व लोहे की आलमारियां टूटी हुई थीं।
जांच में पता चला कि प्रार्थी एवं किरायेदार सुभाषचंद स्वर्णकार के मकान से सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी चोरी हुई है। चोरी गए सामान में—
सोने का झुमका, मंगलसूत्र, फूली, अंगूठी, बच्चों का बैग, चांदी की पायलें एवं नकद राशि शामिल है। कुल मिलाकर लगभग 95 हजार रुपये की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 493/25, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदिग्ध भुवनेश्वर डहरिया उर्फ भक्कू, निवासी चरोदा, पुरानी भिलाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार किया तथा बताया कि चोरी की नगदी रकम को खर्च कर दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ₹2,00,000 कीमत के सोने-चांदी के जेवरात विधिवत जब्त किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- नाम: भुवनेश्वर डहरिया उर्फ भक्कू
- उम्र: 22 वर्ष
- निवासी: चरोदा, पुरानी भिलाई
पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई एवं विवेचना जारी है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




