देश की सबसे बड़ी परीक्षा एजेंसी में नौकरी का मौका, मिलेगी 2 लाख रुपये तक सैलरी…

NTA Vacancy: नीट यूजी पेपर लीक जैसे कांड के बाद विवादों में रही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कई पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. नोटिफिकेशन के अनुसार, ग्रुप A और ग्रुप B पदों पर भर्ती प्रतिनियुक्ति/फॉरेन सर्विस के आधार पर होगी. इच्छुक और पात्र अधिकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत 7 अगस्त 2026 को शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन संबंधित कैडर नियंत्रक प्राधिकरण/मूल विभाग के माध्यम से भेजना होगा.
नोटिफिकेशन के अनुसार, कुल नौ पदों पर भर्ती की जाएगी. इनमें ज्वाइंट डायरेक्टर, रिसर्च साइंटिस्ट ‘सी’, डिप्टी डायरेक्टर, असिस्टेंट डायरेक्टर और सीनियर सुपरिंटेंडेंट/सीनियर सुपरिंटेंडेंट (अकाउंट्स) के पद शामिल हैं. इन इन पदों के लिए वेतनमान सातवें वेतन आयोग के अनुसार पे-लेवल 7 से लेकर पे-लेवल 12 तक निर्धारित किया गया है.
तीन साल के लिए होगी प्रतिनियुक्ति
एनटीए के अनुसार, अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति शुरुआत में तीन साल के लिए होगी. ऐसे अधिकारियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनके पास शिक्षा, तकनीकी, प्रशासन, फाइनेंस या लीगल फील्ड का अनुभव हो. साथ ही परीक्षा आयोजन, योजना निर्माण, समन्वय और परीक्षा मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को वरीयता मिलेगी.
उम्र सीमा क्या है
इस भर्ती के लिए एनटीए ने अधिकतम उम्र सीमा 56 साल निर्धारित की है. उम्मीदवारों को संबंधित पद के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और सेवा संबंधी पात्रता अंतिम तिथि तक पूरी करनी होगी. केवल नियमित रूप से संबंधित वेतन स्तर पर कार्यरत अधिकारी ही आवेदन के पात्र होंगे. एसीपी, एमएसीपी या एडहॉक आधार पर समान वेतन स्तर प्राप्त करने वाले अधिकारी आवेदन नहीं कर सकेंगे.
कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी?
आवेदन पत्र के साथ विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC), पिछले वर्षों की एपीएआर (APAR), विजिलेंस क्लीयरेंस, इंटीग्रिटी सर्टिफिकेट तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा. अधूरे आवेदन या निर्धारित प्रक्रिया के बिना भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे.
कैसे करना है आवेदन
आवेदन निर्धारित प्रारूप में डाक के माध्यम से निदेशक (प्रशासन), राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी, प्रथम तल, एनएसआईसी-एमडीबीपी बिल्डिंग, ओखला इंडस्ट्रियल एस्टेट, नई दिल्ली-110020 के पते पर भेजना होगा. साथ ही आवेदन की एक प्रति [email protected] पर ईमेल के माध्यम से भी भेजनी होगी. भर्ती से संबंधित विस्तृत पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जानकारी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध अधिसूचना में देखी जा सकती है.




