टाउनशिप में मवेशी पालने वालों पर बीएसपी की सख्त चेतावनी, हादसा हुआ तो जिम्मेदारी तय…
आवासीय परिसरों में गंदगी और सड़क हादसों की बढ़ती आशंका के बीच भिलाई इस्पात संयंत्र ने जारी की अपील

भिलाई। भिलाई टाउनशिप के आवासों और आवासीय परिसरों में मवेशी पालन को लेकर भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) ने आवासधारियों से इसे तत्काल बंद करने की अपील की है। नगर सेवाएँ विभाग के अनुसार, टाउनशिप के आवासीय क्षेत्रों में मवेशी पालन की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद विभिन्न आवासों और परिसरों में मवेशी रखे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

बीएसपी के मुताबिक, आवासीय क्षेत्रों में मवेशियों को रखने से आसपास गंदगी और दुर्गंध फैलने के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो रही हैं। वहीं, मवेशियों के खुले में घूमने से टाउनशिप की यातायात व्यवस्था के लिए भी परेशानी पैदा हो रही है।

मवेशियों के आपस में लड़ने या अचानक सड़क पर दौड़ने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। ऐसी परिस्थितियों को देखते हुए संयंत्र प्रबंधन ने सभी आवासधारियों से अपने आवास एवं आवासीय परिसर में मवेशी पालन की गतिविधियां बंद करने तथा उन्हें टाउनशिप क्षेत्र में खुले में विचरण करने से रोकने को कहा है।
हादसा या स्वास्थ्य समस्या हुई तो पालक होगा जिम्मेदार
बीएसपी ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी मवेशी के कारण टाउनशिप क्षेत्र में दुर्घटना होती है या उसके कारण फैली गंदगी से स्वास्थ्य संबंधी समस्या उत्पन्न होती है, तो संबंधित चिन्हित मवेशी पालक आवासधारी को इसके लिए जिम्मेदार माना जाएगा।
ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। संयंत्र प्रबंधन ने टाउनशिप की स्वच्छता, स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवासधारियों से नियमों का पालन करने की अपील की है।
सोशल मीडिया लिंक
https://www.facebook.com/
https://twitter.com/
https://instagram.com/
https://whatsapp.com/channel/
खबरों की अपडेट पाने के लिये subscribe करे
www.jantakikalam.com.




