उत्कृष्ट प्रदर्शन को मिला सम्मान, आरएसएम के तीन कर्मियों को ‘कर्म शिरोमणि’ पुरस्कार…
समर्पण और नवाचार की मिसाल पेश करने वाले कर्मचारियों का बढ़ा हौसला

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल (RSM) विभाग में उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय कार्य निष्पादन के लिए शिरोमणि पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। शिरोमणि पुरस्कार योजना के तहत विभाग के तीन कार्मिकों को कर्म शिरोमणि पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।
पुरस्कृत कार्मिकों में जूनियर इंजीनियर झाबेन्द्र भूषण दास, इंजीनियरिंग एसोसिएट रोशन लाल साहू और इंजीनियरिंग एसोसिएट एस. भास्कर राव शामिल हैं।
समारोह में मुख्य महाप्रबंधक (RSM) टी. दस्तीदार ने चयनित कार्मिकों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उनके जीवनसाथियों को भी प्रशंसा पत्र एवं मिठाई का कूपन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर टी. दस्तीदार ने पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य और समर्पित योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक प्रशांत लाखे, अरविन्द टंडन, प्रशांत खोंड, एम.के. साहू, उप महाप्रबंधक आर.के. पवार और सुजय सिंह सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
पुरस्कार से बढ़ा मनोबल
पुरस्कृत कार्मिकों ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि इस तरह के सम्मान से उनका मनोबल बढ़ता है और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।
कर्म शिरोमणि पुरस्कार का उद्देश्य कार्यस्थल पर नवाचार, संसाधनों के बेहतर उपयोग, संगठनात्मक लक्ष्यों की पूर्ति और सुरक्षा मानकों के अनुरूप उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले कर्मठ एवं सृजनशील कार्मिकों को पहचान देना है।
समारोह के सफल आयोजन में वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) अनुराधा साहा, सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन) इतवारी राम चेलक, अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी जसबीर सिंह, राजेश बाबू एवं भुवन साहू का योगदान रहा।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com/




