
दुर्ग। तलवारबाजी के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की प्रतिभावान खिलाड़ी मोनिका साहू को छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण समारोह में शहीद राजीव पांडेय अलंकरण से सम्मानित किए जाने पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चंदखुरी में आयोजित कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक ने मोनिका साहू को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मेहनत और लगन से बढ़ाया क्षेत्र का मान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि मोनिका साहू ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और लगन के बल पर दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि तलवारबाजी जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में राज्य स्तरीय अलंकरण हासिल करना गौरव की बात है। मोनिका की उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि क्षेत्र की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
‘बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं’
ललित चंद्राकर ने कहा कि आज प्रदेश की बेटियां खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। यह पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने मोनिका साहू के निरंतर सफलता की कामना करते हुए कहा कि वह आगे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करती रहें।
विधायक ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिक्षकों और परिजनों को भी दिया श्रेय
विधायक ने मोनिका की उपलब्धि के लिए विद्यालय के शिक्षकों और उनके परिजनों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी की सफलता के पीछे उसकी मेहनत के साथ-साथ परिवार, गुरुजनों और मार्गदर्शकों का योगदान भी महत्वपूर्ण होता है।
सम्मान समारोह में विद्यालय की प्राचार्य शिखा मिश्रा, शाला विकास समिति अध्यक्ष राजेंद्र चंद्राकर, पूर्व सरपंच खेमलाल चंद्राकर, भूपेंद्र साहू, संजय बघेल, प्रभारी प्राचार्य रश्मी पाठक, बी.आर. बेलचंदन, संजू मिश्रा, तोषी पटेल सहित विद्यालय के शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मोनिका साहू की उपलब्धि पर आयोजित इस सम्मान समारोह ने क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों में खेल के प्रति उत्साह और आगे बढ़ने की प्रेरणा को मजबूत किया।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे https://jantakikalam.com/




