Nursing Officer: नर्सिंग ऑफिसर बनने का मौका, 1,42,400 तक मिलेगी सैलरी, जानें कैसे करें अप्लाई?

UKMSSB Nursing Officer Recruitment 2026: अगर आप मेडिकल क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं तो उत्तराखंड से आपके लिए अच्छी खबर है. उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड (UKMSSB) ने नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर भर्तियां निकाली है. इस भर्ती के तहत कुल 196 पद भरे जाएंगे. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार निर्धारित तिथि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.यह भर्ती चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से की जा रही है.ऐसे में जो भी अभ्यर्थी नर्सिंग के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं उनके लिए यह एक अच्छा अवसर माना जा रहा है.
कब से शुरू होंगे आवेदन?
भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन 3 जून 2026 को जारी किया गया. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 जून 2026 से शुरू हो गई है. इच्छुक उम्मीदवार 2 जुलाई 2026 की शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं.अगर आवेदन फॉर्म भरते समय कोई गलती हो जाती है तो बोर्ड उम्मीदवारों को सुधार का मौका भी देगा. आवेदन में संशोधन के लिए करेक्शन विंडो 4 जुलाई से 7 जुलाई 2026 तक खुली रहेगी. इस दौरान अभ्यर्थी अपने आवेदन में जरूरी बदलाव कर सकेंगे.
किसके लिए कितने पदों पर वैकेंसी?
इस भर्ती अभियान के तहत महिला और पुरुष दोनों वर्गों में नियुक्तियां की जाएंगी. कुल 196 पदों में सबसे ज्यादा सीटें महिला नर्सिंग ऑफिसरों के लिए निर्धारित की गई हैं.महिला नर्सिंग ऑफिसर के लिए 157 पद तय किए गए हैं. इनमें 126 पद डिग्री धारक उम्मीदवारों और 31 पद डिप्लोमा धारकों के लिए हैं.वहीं पुरुष नर्सिंग ऑफिसर के लिए कुल 39 पद रखे गए हैं. इनमें 31 पद डिप्लोमा धारकों और 8 पद डिग्री धारकों के लिए निर्धारित किए गए हैं.
उम्मीदवारों को कितनी मिलेगी सैलरी?
इस भर्ती में चयन होने वाले उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के तहत पे-मैट्रिक्स लेवल-7 का लाभ मिलेगा. वेतनमान 44,900 रुपये से शुरू होकर 1,42,400 रुपये प्रतिमाह तक रहेगा.इसके अलावा राज्य सरकार के नियमों के अनुसार महंगाई भत्ता, यात्रा भत्ता और अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी.
कौन कर सकता है आवेदन?
आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM) डिप्लोमा, बीएससी नर्सिंग, बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग या पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की डिग्री होनी चाहिए.साथ ही यह योग्यता भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) से मान्यता प्राप्त होनी जरूरी है.उम्मीदवार के पास उत्तराखंड नर्सिंग एवं दाई परिषद, देहरादून का वैध और स्थायी पंजीकरण प्रमाणपत्र भी होना चाहिए. इसके अलावा हिंदी भाषा की जानकारी भी होनी चाहिए.बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों के पास प्रांतीय सेना में कम से कम दो वर्ष की सेवा का प्रमाणपत्र है या NCC का B अथवा C सर्टिफिकेट है उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी.
एज लिमिट क्या है?
इन भर्तियों के लिए न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और अधिकतम उम्र 42 वर्ष निर्धारित की गई है. आयु की गणना 1 जुलाई 2025 को आधार मानकर की जाएगी.आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट भी मिलेगी.
कैसे होगा सेलेक्शन?
उम्मीदवारों का सेलेक्शन लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा. परीक्षा मल्टीपल चॉइस प्रश्न (MCQ) आधारित होगी.परीक्षा कुल 200 अंकों की होगी और इसके लिए तीन घंटे का समय दिया जाएगा. परीक्षा के बाद सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी और मेडिकल परीक्षण भी कराया जाएगा.बोर्ड की ओर से परीक्षा देहरादून, श्रीनगर, हल्द्वानी और ऋषिकेश सहित विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी.
आवेदन शुल्क कितना है?
सामान्य वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों को 300 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा.
वहीं अनुसूचित जाति (SC),अनुसूचित जनजाति (ST),आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और दिव्यांग (PwD) श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 150 रुपये रखा गया है.
आवेदन कैसे करें?
इच्छुक उम्मीदवार UKMSSB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करते समय सभी दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करना और फॉर्म जमा करने से पहले पूरी जानकारी की जांच करना जरूरी है.अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि दिक्कतों से बचा जा सके.
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




