दुर्ग

संयंत्र के एसएमएस-3 में महिला संविदा कर्मियों के लिए ‘नई चेतना’ जागरूकता एवं सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा विगत दिनों में इस्पात गलन शाला-3 (एसएमएस-3) के कॉन्फ्रेंस हॉल में महिला संविदा कर्मियों के लिए ‘नई चेतना’ जागरूकता एवं सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला संविदा कर्मियों को कार्यस्थल पर सुरक्षा, महिला अधिकारों, औद्योगिक संबंध, श्रमिक कल्याण योजनाओं, मातृत्व संबंधी सुविधाओं तथा स्वास्थ्य एवं उत्पीड़न से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक बनाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) त्रिभुवन बैठा के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। उन्होंने महिला कर्मियों को सुरक्षित कार्य संस्कृति अपनाने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा आत्मविश्वास एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जागरूक एवं सशक्त महिला कर्मी किसी भी संगठन की कार्य संस्कृति को और अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभागीय सुरक्षा अधिकारी (डीएसओ) उमाशंकर परगनिहा ने कार्यस्थल सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा करते हुए सुरक्षित कार्य व्यवहार अपनाने पर विशेष बल दिया। औद्योगिक संबंध विभाग के राजेश मौर्य ने न्यूनतम वेतन, श्रमिक कल्याण योजनाओं एवं अन्य औद्योगिक संबंधी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं ऑक्युपेशनल हेल्थ सेंटर की सुश्री शुभश्री प्रशांत ने महिलाओं के स्वास्थ्य, मातृत्व संबंधी सुविधाओं तथा स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उपयोगी जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में क्विज़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। सही उत्तर देने वाली प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप टोकन गिफ्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे महिला कर्मियों में उत्साह एवं सहभागिता का वातावरण बना रहा। ‘नई चेतना’ कार्यक्रम में लगभग 50 से 60 महिला संविदा कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम ने महिला सुरक्षा, जागरूकता एवं सशक्तिकरण के साथ-साथ श्रमिक कल्याण संबंधी विषयों पर उनकी समझ को और अधिक सुदृढ़ किया। कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सुशील कामड़े तथा विभागीय सुरक्षा अधिकारी (डीएसओ) उमाशंकर परगनिहा द्वारा किया गया।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button