देश-दुनिया

अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 30 भारतीय ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार, जल्द होगा निर्वासन…

भारत के लगभग 30 लोग, जो अमेरिका में गैर-कानूनी तौर पर रह रहे थे। ये सभी कमर्शियल ट्रक ड्राइवर के तौर पर अमेरिका के अलग-अलग हिस्सों में काम कर रहे थे। एक फेडरल ऑपरेशन के तहत इन भारतीयों को गिरफ्तार कर लिया गया। जल्द ही उन्हें देश (अमेरिका) से निकाल दिया जाएगा।

कुल 52 लोगों को किया गया गिरफ्तार

अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (CBP) ने सोमवार को एक बयान में बताया कि एरिजोना में युमा सेक्टर के सीमा गश्त एजेंटों ने 11 से 15 मई के दौरान अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 52 लोगों को ‘ऑपरेशन चेकमेट’ के तहत गिरफ्तार किया, जिनमें से 36 ट्रक चलाते पाए गए। गिरफ्तार किए गए इन अवैध ट्रक चालकों में 30 भारत से हैं, जबकि बाकी 6 मेक्सिको, अल सल्वाडोर और रूस से हैं।

कुछ के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार लोगों के पास से कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क, वाशिंगटन और वर्जीनिया जैसे राज्यों के कमर्शियल चालक लाइसेंस थे, जबकि कुछ के पास किसी भी तरह का ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। इनमें से अधिकतर लोगों के पास ऐसे रोजगार प्राधिकरण दस्तावेज थे, जो अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के नेतृत्व वाले प्रशासन के दौरान हासिल किए गए थे। अब ये वैध नहीं हैं। सभी लोगों के खिलाफ संघीय कानून के तहत कार्रवाई की गई है। अब उन्हें निर्वासित किया जाएगा।

सार्वजनिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा

ऑपरेशन चेकमेट का उद्देश्य देश में अवैध रूप से रह रहे और कमर्शियल मोटर वाहन चला रहे लोगों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करना और आव्रजन कानूनों को लागू कर सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करना है। अमेरिकी सीमा गश्त के युमा सेक्टर के कार्यवाहक मुख्य गश्त एजेंट डस्टिन कॉडल ने कहा, ‘ऑपरेशन चेकमेट समुदायों और सड़कों को ऐसे चालकों से सुरक्षित रखने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है जो गैरकानूनी रूप से रहकर वाहन चलाते हैं और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा करते हैं।’

जानिए ट्रक ड्राइवरों को लेकर ट्रंप शासन का नया रूल

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन के तहत परिवहन विभाग ने अयोग्य विदेशी ड्राइवरों को कमर्शियल ट्रक और बस चलाने के लिए लाइसेंस प्राप्त करने से रोकने का आदेश जारी किया है। पिछले कई महीनों में अमेरिका में कमर्शियल वाहन चलाते समय घातक हादसे करने के आरोप में भारतीय मूल के ट्रक चालकों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ आरोप तय किए जाने के मामले सामने आए हैं।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button