इन्द्रजीत सिंह छोटू भैया की पहल: भिलाई में खुला महिला रोजगार ट्रेनिंग सेंटर, मुफ्त में सीखें हुनर और बनें आत्मनिर्भर…

भिलाई/ शहर के वृंदानगर कैंप-1 स्थित प्रवास आंध्रपाठशाला में महिला स्वरोजगार एवं प्रशिक्षण केंद्र का विधिवत शुभारम्भ किया गया। सर्व समाज कल्याण समिति भिलाई की इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस केंद्र का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उन्हें कौशल विकास से जोड़ना तथा रोजगार के नए अवसर प्रदान करना है।
प्रशिक्षण के अंतर्गत महिलाओं को दोना-पत्तल निर्माण, रुई बाती, वाईपर, मोप, झोला निर्माण, सिलाई-कढ़ाई एवं ब्यूटी पार्लर से जुड़े कार्यों का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी इंद्रजीत सिंह छोटू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि “महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता ही समाज के समग्र विकास की कुंजी है।
जब महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी, तभी परिवार और समाज दोनों मजबूत होंगे। यह केंद्र न केवल प्रशिक्षण देगा बल्कि महिलाओं के भीतर आत्मविश्वास भी जगाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार की पहल से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन होगा और महिलाएं घर बैठे भी आय के साधन विकसित कर सकेंगी। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम में प्रवास आंध्रपाठशाला के अध्यक्ष पापा राव, महासचिव दिनेश राव, समाज के वरिष्ठ सदस्य मोहन राव, सामाजिक कार्यकर्ता राजेश्वर राव, बी. कोलम्मा, निर्मला देवी, प्रमिला देवी सहित वार्ड पार्षद अरविन्द राय, योगेश राव एवं पूर्व पार्षद राजू की विशेष उपस्थिति रही। इसके अलावा शैक्षणिक संस्था के शिक्षकगण, बड़ी संख्या में माताएं, बहनें एवं युवा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
आदर्श नगर, कैंप-1, अर्जुन नगर, स्टील नगर एवं वृंदा नगर से सैकड़ों की संख्या में लोगों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह केंद्र आने वाले समय में महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनेगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




