
तिरुवनंतपुरम/कन्याकुमारी: लोकसभा की केमिकल एवं फर्टिलाइज़र समिति के अध्ययन दौरे के दौरान रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने बुधवार को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में स्थित विश्वविख्यात पद्मनाभ स्वामी मंदिर में भगवान श्रीहरि विष्णु के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
भगवान श्रीहरि विष्णु से देश और प्रदेश के कल्याण की कामना
मंदिर दर्शन के दौरान श्री अग्रवाल ने देशवासियों के सुख, समृद्धि और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पद्मनाभ स्वामी मंदिर को भारत के सबसे प्राचीन और समृद्ध धार्मिक स्थलों में गिना जाता है, जहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
कन्याकुमारी में विवेकानंद रॉक मेमोरियल का किया भ्रमण
स्टडी टूर के अगले चरण में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने समिति के अन्य सदस्यों के साथ कन्याकुमारी स्थित विवेकानंद रॉक मेमोरियल का भी भ्रमण किया। यह स्मारक अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर के पावन संगम स्थल पर स्थित है।
भारत की आध्यात्मिक चेतना का जीवंत प्रतीक है विवेकानंद रॉक
इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा कि विवेकानंद रॉक मेमोरियल,
“स्वामी विवेकानंद जी के राष्ट्रचिंतन, आत्मबोध और भारत की आध्यात्मिक चेतना का सशक्त प्रतीक है।”
उन्होंने बताया कि शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन से पूर्व स्वामी विवेकानंद ने यहीं तीन दिनों तक गहन साधना की थी। इसी साधना से उन्हें भारत की आत्मिक शक्ति और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का बोध हुआ, जिसने आगे चलकर भारत को विश्व मंच पर एक नई पहचान दिलाई।
राष्ट्र निर्माण में आध्यात्मिक मूल्यों की भूमिका पर जोर
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थल आज भी देश को एकता, आत्मविश्वास और राष्ट्र गौरव की प्रेरणा देते हैं। भारत की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक शक्ति ही उसे विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे ले जाती है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




