chhattisgarhछत्तीसगढ़दुर्गभिलाई

यातायात सुरक्षा माह 2026: दुर्ग पुलिस ने पतंग महोत्सव के जरिए दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, “संस्कृति से सुरक्षा की ओर” थीम पर मकर संक्रांति का भव्य आयोजन…

दुर्ग/ दिनांक 14.01.2026 को यातायात सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत दुर्ग पुलिस द्वारा हेलिपैड ग्राउंड, सिविक सेंटर, भिलाई में “संस्कृति से सुरक्षा की ओर” थीम पर मकर संक्रांति के अवसर पर पतंग महोत्सव का भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य सांस्कृतिक परंपराओं को सड़क सुरक्षा के संदेश से जोड़ते हुए नागरिकों में यह संदेश देना था की जिस प्रकार पतंग में रस्सी बंधी रहने से सुरक्षित आसमान में उड़ता हैं उसी प्रकार हम वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करते हैं तो सड़क में हम सुरक्षित रहते हैं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी एवं अनुशासन की भावना को सशक्त करना रहा।

कार्यक्रम में दुर्ग संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, दुर्ग रेंज पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल एवं यातायात सलाहकार दिनेश टांक, वी एन पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। दुर्ग संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर द्वारा अपने उद्बोधन में विभिन्न देशों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए नागरिकों को अनुशासित यातायात व्यवस्था, नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने हेतु प्रेरित किया गया।

पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल द्वारा नागरिकों को वाहन चलाते समय हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, सीट बेल्ट के प्रयोग, ड्रिंक एंड ड्राइव से पूर्णतः परहेज करने तथा अन्य सभी यातायात नियमों के कड़ाई से पालन के संबंध में जागरूक किया गया। अपने संबोधन के पश्चात पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित समस्त नागरिकों एवं बच्चों को सदैव हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।

दुर्ग रेंज पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग द्वारा सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सुरक्षित, संयमित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन पर विशेष बल दिया गया। दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह द्वारा अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को 18 वर्ष की आयु से पूर्व वाहन चलाने की अनुमति न दें तथा दोपहिया वाहन पर हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम में देव संस्कृति स्कूल की छात्राओं द्वारा देश के विभिन्न शास्त्रीय नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिन्हें दुर्ग पुलिस द्वारा मोमेंटो एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। यातायात जागरूकता के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाली संस्थाओं एवं व्यक्तियों, जिनमें दिशा इंस्टिट्यूट, वायआई (Young India) से हर्ष जैन, आशु पांडे, वसीम खान सहित अन्य सहभागी सम्मिलित रहे, को स्मृति पदक एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम स्थल पर विंटेज वाहनों की झांकी आम नागरिकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। रॉयल एनफील्ड एवं टीवीएस द्वारा हेलमेट के साथ सुरक्षित वाहन संचालन पर आधारित सेफ्टी राइडिंग स्टॉल तथा स्कोडा, हुंडई एवं टाटा द्वारा सीट बेल्ट के महत्व को दर्शाने वाले सेफ्टी ड्राइविंग स्टॉल स्थापित किए गए, जिससे नागरिकों को व्यवहारिक रूप से सड़क सुरक्षा के उपायों की जानकारी प्राप्त हुई।

बच्चों के लिए झूले एवं मनोरंजन की विशेष व्यवस्थाओं से कार्यक्रम में पारिवारिक सहभागिता को बढ़ावा मिला। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समस्त मुख्य अतिथियों, नागरिकों एवं बच्चों द्वारा सामूहिक रूप से पतंग उड़ाकर मकर संक्रांति पर्व को उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया, जिससे आयोजन का वातावरण अत्यंत जीवंत, आनंदमय एवं जनसहभागिता से परिपूर्ण रहा।

यातायात पुलिस द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट वाहन संचालन, ट्रिपल सीटिंग एवं रैश ड्राइविंग से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर आधारित जागरूकता झांकियों का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। साथ ही यातायात नियमों से संबंधित स्टॉल, बैनर एवं पोस्टरों के माध्यम से नागरिकों को नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया गया।

मकर संक्रांति के अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित समस्त नागरिकों एवं बच्चों को दुर्ग पुलिस द्वारा निःशुल्क खिचड़ी, तिल से बनी गजक, लड्डू, चॉकलेट एवं पतंग का वितरण किया गया। इस आयोजन में लगभग 2000 नागरिकों की उपस्थिति रही। यह कार्यक्रम सांस्कृतिक उत्सव के साथ-साथ यातायात जागरूकता का एक सशक्त, प्रभावी एवं प्रेरणादायक माध्यम सिद्ध हुआ, जिसके द्वारा सड़क सुरक्षा का संदेश व्यापक स्तर पर जनसमुदाय तक सफलतापूर्वक पहुंचाया गया।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button