
मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत 10 लाख रूपए स्वीकृत
दुर्ग / मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजनांतर्गत वर्ष 2025-26 में शासन द्वारा अनुमोदित निर्धारित लागत दर अनुसार जनपद पंचायत अंतर्गत अधोसंरचना निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रूपए की अनुशंसा प्राप्त हुई है। अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा उपसंभाग दुर्ग द्वारा प्रेषित तकनीकी स्वीकृति के आधार पर अनुशंसित कार्य को संपादित कराए जाने हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत दुर्ग को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
कार्याे की संपादन कार्यकारी एजेंसी संबंधित ग्राम पंचायत होगी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बीके दुबे से प्राप्त जानकारी अनुसार विकासखण्ड दुर्ग के ग्राम ढ़ाबा के आबादी पारा वार्ड क्र. 14 में शेड निर्माण हेतु 10 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
एनएचएम अंतर्गत सोशल वर्कर की भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और नियमसंगत
दुर्ग / कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला दुर्ग द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत सोशल वर्कर-एनएमएचपी के पद पर भर्ती हेतु विज्ञापन जारी किया गया था। विज्ञापन में यह स्पष्ट किया था कि सोशल वर्कर पद के लिए शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर एमफिल साईकाईट्रिक सोशल वर्क की अर्हता रखने वालों को वरीयता (प्राथमिकता) दी जाएगी।
इस प्राथमिकता के अनुरूप, 06 जून 2025 को जारी मेरिट सूची में एमफिल अर्हताधारी उम्मीदवार को प्रथम स्थान पर रखा गया था। कौशल परीक्षा के बाद, चयन समिति ने विज्ञापन के नियमों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के लिए 18 नवंबर 2025 को जारी की गई सोशल वर्कर की चयन सूची को संशोधित किया।
इस संशोधित सूची में यह स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि भर्ती विज्ञापन की शर्तों के अनुसार एमफिल साइकाईट्रिक सोशल वर्क को चयन सूची में वरीयता दी गई है। यह संशोधन दर्शाता है कि भर्ती प्रक्रिया में तथ्यों और योग्यता पर पूरा ध्यान दिया गया है।
इसके अतिरिक्त, सरल क्रमांक 04 और 05 के तहत अन्य क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट पदों की चयन प्रक्रिया में भी इसी वरीयता के आधार का पालन किया गया है, जिसकी सूची विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। इस प्रकार, पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी और नियमसंगत रही है।
जिला बाल संरक्षण इकाई में रिक्त पदों (संविदा) की पूर्ति हेतु आवेदन आमंत्रित
दुर्ग / महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित जिला बाल संरक्षण इकाई जिला दुर्ग में मिशन वात्सल्य के तहत रिक्त पदों हेतु संचालक, महिला एवं बाल विकास विभाग (आईसीपीएस) से प्राप्त स्वीकृति के अनुरूप संविदा भर्ती हेतु पात्र आवेदकों से 15 दिसम्बर 2025 तक केवल स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं।
उल्लेखनीय है कि जिला बाल संरक्षण इकाई में रिक्त विभिन्न पदों की पूर्ति हेतु राज्य शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। उपरोक्त स्वीकृति के अनुक्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई में जिला बाल संरक्षण अधिकारी, संरक्षण अधिकारी (गैर संस्थागत देखभाल), विधिक सह परिवीक्षा अधिकारी, लेखापाल, आउटरीच वर्कर के रिक्त पदों की पूर्ति हेतु विज्ञापन जारी किया गया है।
जारी विज्ञापन में आवश्यक शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव संबंधी विस्तृत विवरण भी जारी किया गया है। यह विज्ञापन दुर्ग जिले की वेबसाईट www.durg.gov.in पर उपलब्ध है। विज्ञापन में भर्ती प्रक्रिया संबंधी संपूर्ण जानकारी तथा आवेदन पत्र का प्रारूप भी उपलब्ध है। यह समस्त जानकारी उपरोक्त वेबसाईट पर जाकर डाउनलोड की जा सकती है।
नायब तहसीलदार कंवर के स्थान पर श्रीमती बंजारे होंगी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी
दुर्ग / कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह ने सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए विधानसभा क्षेत्र 67 अहिवारा अंतर्गत श्री चन्द्रशेखर कंवर नायब तहसीलदार के स्थान पर श्रीमती योगिता बंजारे नायब तहसीलदार अहिवारा को सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया है।
आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशानुसार श्रीमती बंजारे आयोग के निर्देशानुसार एवं विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 67 अहिवारा के मार्गदर्शन में समय-सीमा में कार्य सम्पादित करना सुनिश्चित करेंगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




