छत्तीसगढ़भिलाई

आरएसएम की दोहरी उपलब्धि: पाँच कार्मिकों और दो टीमों ने दिलाया भिलाई इस्पात संयंत्र को गौरव

भिलाई इस्पात संयंत्र के रेल एंड स्ट्रक्चरल मिल (आरएसएम) ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यदक्षता और तकनीकी निपुणता का परिचय देते हुए सफलता के नये शिखर छुए हैं। हाल ही में सम्पन्न दो प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं, कार्यपालक निदेशक (संकार्य) ट्रॉफी वर्क स्किल्स प्रतियोगिता 2025-26 तथा क्वालिटी सर्कल फोरम ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित चैप्टर कन्वेंशन ऑन क्वालिटी कॉन्सेप्ट्स (सीसीक्यूसी 2025) में आरएसएम के पाँच कर्मियों और दो टीमों ने शीर्ष सम्मान अर्जित कर न केवल विभाग का, बल्कि सम्पूर्ण बीएसपी का गौरव बढ़ाया है।

आरएसएम की दोहरी उपलब्धि: पाँच कार्मिकों और दो टीमों ने दिलाया भिलाई इस्पात संयंत्र को गौरव

कार्यकुशलता में श्रेष्ठता का परिचय कार्यपालक निदेशक (संकार्य) ट्रॉफी वर्क स्किल्स प्रतियोगिता 2025-26, बीएसपी के ग़ैर-कार्यपालक (तकनीकी) कर्मियों हेतु 4 से 13 सितंबर 2025 तक मानव संसाधन विकास केन्द्र (एचआरडीसी) कार्यशाला में आयोजित की गई थी।

इस प्रतियोगिता में कारपेंटर, कंप्यूटर (प्रोग्रामिंग), कंप्यूटर (ऑफिस ऑटोमेशन), इलेक्ट्रीशियन, फिटिंग, हाइड्रॉलिक्स, मशीनिंग, मटेरियल हैंडलिंग, पीएलसी, टर्निंग और वेल्डर जैसे ग्यारह तकनीकी ट्रेड शामिल थे। इसका उद्देश्य कर्मियों की व्यावसायिक दक्षता, रचनात्मक सोच और विश्लेषणात्मक कौशल की पहचान कर उन्हें क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर बीएसपी का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान करना था।

आरएसएम के दक्ष कर्मियों ने इस प्रतियोगिता में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए पाँच प्रमुख स्थान प्राप्त किए। ई.ए., इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस (आरएसएम) निथ्यानथन एन., ने पीएलसी ट्रेड में तृतीय स्थान प्राप्त किया; जे.ई.ए., मैकेनिकल मेंटेनेंस (आरएसएम) शिवम सिंह, ने हाइड्रॉलिक्स ट्रेड में तृतीय स्थान प्राप्त किया; जे.ई.ए., मैकेनिकल मेंटेनेंस (आरएसएम) भवानी शंकर स्वाईं, ने मटेरियल हैंडलिंग ट्रेड में पाँचवाँ स्थान प्राप्त किया।

ई.ए., ऑपरेशन सेक्शन (आरएसएम) गुराना कार्तिक को कंप्यूटर (ऑफिस ऑटोमेशन) में प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त हुआ; और जे.ई.ए., इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस (आरएसएम) पुरूषोत्तम प्रसाद कश्यप को इलेक्ट्रिकल ट्रेड में प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इन विजेताओं ने आरएसएम की नवोन्मेष, तकनीकी दक्षता और सूक्ष्म विश्लेषण की परंपरा को सशक्त किया है।

क्वालिटी सर्कल में नवाचार का परचम

क्वालिटी सर्कल फोरम ऑफ इंडिया द्वारा विभिन्न क्षेत्रीय चैप्टरों में आयोजित चैप्टर कन्वेंशन ऑन क्वालिटी कॉन्सेप्ट्स (सीसीक्यूसी 2025) में भी आरएसएम की दो टीमों — रेल रक्षक और रेल निष्ठा ने अपनी सामूहिक सोच, तकनीकी नवाचार और समस्या समाधान की भावना से विशेष पहचान बनाई।

रेल रक्षक टीम, जिसमें दीपनारायण चन्द्रवंशी, नीरव ध्रुव, हरप्रीत सिंह, नोकराजू, तथा शंखलाल उइके शामिल थे, और जी. पी. सोनी फैसिलिटेटर के रूप में मार्गदर्शक रहे, ने सीसीक्यूसी 2025 – भिलाई चैप्टर में स्वर्ण पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं रेल निष्ठा टीम, जिसमें एन. नटेशन तथा रामकृष्ण महाकुल सम्मिलित थे और बलराम राठ फैसिलिटेटर रहे, ने लीन क्यूसी श्रेणी में विशाखापट्टणम चैप्टर स्तरीय सम्मेलन (25–26 सितंबर 2025) में स्वर्ण पुरस्कार प्राप्त कर आरएसएम का नाम रोशन किया।

इन दोनों टीमों की उपलब्धियाँ आरएसएम की सतत् सुधार, कौशल-वृद्धि और गुणवत्ता-संवेदना की उस संस्कृति की प्रमाणिक अभिव्यक्ति हैं, जिसने भिलाई इस्पात संयंत्र को देश के औद्योगिक मानचित्र पर एक अग्रणी पहचान दी है। आरएसएम के कर्मियों और टीमों की यह संयुक्त सफलता उनके तकनीकी कौशल और नवोन्मेषी सोच की प्रतीक है, व संगठनात्मक आत्मविश्वास और सामूहिक परिश्रम की भी उज्ज्वल मिसाल है।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button