
दुर्ग। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा-मटका गतिविधियों के प्रचार-प्रसार के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई की है। थाना उतई पुलिस ने YouTube चैनल के माध्यम से सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी संबंधी वीडियो अपलोड और प्रसारित करने के आरोप में 29 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर को विश्वस्त सूत्र से सूचना मिली थी कि डुमरडीह बस स्टैंड स्थित अंजली ब्यूटी पार्लर के पास एक व्यक्ति मोबाइल फोन के जरिए YouTube पर सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी से जुड़े वीडियो तैयार कर सार्वजनिक रूप से प्रसारित कर रहा है।
डुमरडीह बस स्टैंड से पकड़ा गया आरोपी
सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर संदेही को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान रवि चेलक (29), निवासी बड़े पारा, जय स्तंभ चौक, डुमरडीह, थाना उतई, जिला दुर्ग के रूप में हुई।
गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के पास से Vivo कंपनी के दो Android मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने मोबाइल फोन की जांच की तो “ANSHU MATKA” नामक YouTube चैनल/अकाउंट के माध्यम से सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी से संबंधित वीडियो अपलोड और प्रसारित किए जाने की जानकारी सामने आई।
डिजिटल सामग्री भी जब्त
पुलिस ने सट्टा गतिविधियों से संबंधित डिजिटल सामग्री और उपलब्ध विवरण को विधिवत जब्त किया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में सट्टा गतिविधियों से जुड़े संभावित संपर्कों और अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।
ऐसे करता था गतिविधियों का प्रचार
पुलिस के अनुसार आरोपी YouTube पर “ANSHU MATKA” नामक चैनल के माध्यम से सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी वाले वीडियो तैयार करता था। इन वीडियो को अपलोड कर सार्वजनिक रूप से प्रसारित किया जाता था, जिसके जरिए सट्टा गतिविधियों से जुड़े अंकों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था।
घटना स्थल: अंजली ब्यूटी पार्लर के पास, बस स्टैंड डुमरडीह, थाना उतई, जिला दुर्ग।
प्रकरण में ये धाराएं
पुलिस ने अपराध क्रमांक 444/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 06(क), 07(1) एवं 11 के अंतर्गत कार्रवाई की है।
दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा संचालित या प्रचारित करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने और कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की है।




