नदी रोड क्षेत्र में नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री पर सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, 600 नग नशीली टेबलेट सहित एक आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग संक्षिप्त विवरण :
दिनांक 22.07.2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नदी रोड स्थित जैन मंदिर के पास एक व्यक्ति लाल रंग के कैरी बैग में नशीली टेबलेट लेकर बिक्री करने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई तथा मुखबिर के बताए हुलिये के आधार पर संदेही व्यक्ति को पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम उमेश कुमार मौर्य, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम माण्डा, थाना माण्डा, जिला प्रयागराज (उ.प्र.) बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 600 नग नशीली टेबलेट, बिक्री रकम 3,000 रुपये एवं एक विवो कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ। समक्ष गवाहों के उक्त सामग्री जप्त कर आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 407/2026 पंजीबद्ध कर धारा 21(बी), 27(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका) :
आरोपी लाल रंग के कैरी बैग में नशीली टेबलेट रखकर सार्वजनिक स्थान पर ग्राहकों की तलाश कर अवैध बिक्री करने की फिराक में था। मुखबिर की सूचना एवं त्वरित घेराबंदी के दौरान आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा गया।
घटना स्थल :
नदी रोड, जैन मंदिर के पास, दुर्ग।
आरोपी का नाम :
1. उमेश कुमार मौर्य, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम माण्डा, थाना माण्डा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)।
जप्त सामग्री :
1. 600 नग नशीली टेबलेट, अनुमानित कीमत ₹2,40,000/-।
2. बिक्री रकम ₹3,000/-।
3. एक विवो कंपनी का मोबाइल, कीमत ₹5,000/-।
कुल जप्ती मूल्य : ₹2,48,000/-।
सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस टीम की प्रभावी एवं त्वरित कार्यवाही रही। आरोपी की गिरफ्तारी, नशीली दवाइयों की बरामदगी तथा साक्ष्य संकलन में पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने आसपास नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। समाज को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




