अन्‍यभिलाई

भिलाई इस्पात संयंत्र ने टाउनशिप में व्यापक डेंगू सर्वे अभियान किया प्रारंभ….

भिलाई – मानसून के आगमन के साथ मच्छरजनित रोगों की रोकथाम को प्राथमिकता देते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र के जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिनांक 13 जुलाई 2026 से भिलाई टाउनशिप में व्यापक डेंगू सर्वे अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य डेंगू के संभावित प्रसार की रोकथाम के लिए समय रहते मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान करना, जनजागरूकता बढ़ाना तथा सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करना है।

अभियान के अंतर्गत प्रशिक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्ता भिलाई टाउनशिप के विभिन्न सेक्टरों में घर-घर जाकर सर्वे कर रहे हैं। इस दौरान वे संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों का निरीक्षण करने के साथ-साथ डेंगू से बचाव के उपायों के संबंध में नागरिकों को जागरूक कर रहे हैं तथा डेंगू से जुड़े संभावित जोखिम कारकों की जानकारी भी एकत्रित कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य टाउनशिप के प्रत्येक घर तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए डेंगू नियंत्रण में जनभागीदारी को और अधिक प्रभावी बनाना है।

जन स्वास्थ्य विभाग ने टाउनशिप के सभी नागरिकों से सर्वे दलों को पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की है। विभाग ने बताया कि हाल के समय में पार्सल डिलीवरी कर्मी, फेरीवालों अथवा अन्य व्यक्तियों के रूप में अपराधियों की गतिविधियों की घटनाओं के कारण नागरिकों में स्वाभाविक सतर्कता बढ़ी है। ऐसे में यह आवश्यक है कि डेंगू सर्वे अभियान से जुड़े अधिकृत स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति अनावश्यक संकोच न किया जाए।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि सर्वे कार्य में लगे सभी स्वास्थ्य कर्मी जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा अधिकृत हैं और वे केवल डेंगू नियंत्रण एवं जनस्वास्थ्य सुरक्षा के उद्देश्य से कार्य कर रहे हैं। नागरिकों से अनुरोध है कि वे निरीक्षण के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा बताए गए बचाव उपायों का पालन करें।

उल्लेखनीय है कि डेंगू एक विषाणुजनित (वायरल) रोग है, जो संक्रमित मच्छर के काटने से फैलता है। वर्तमान में डेंगू का कोई विशेष एंटीवायरल उपचार उपलब्ध नहीं है, इसलिए इसकी रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण तथा मच्छरों के काटने से बचाव है।

भिलाई इस्पात संयंत्र के जन स्वास्थ्य विभाग ने विश्वास व्यक्त किया है कि नागरिकों के सक्रिय सहयोग से मच्छरों के प्रजनन स्थलों को प्रभावी ढंग से समाप्त कर डेंगू के संभावित प्रकोप को रोका जा सकेगा तथा भिलाई टाउनशिप को सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाए रखने के सामूहिक प्रयासों को और अधिक मजबूती मिलेगी।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button