ग्राम माटरा को मिली 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र की सौगात: मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया लोकार्पण…

दुर्ग/ छत्तीसगढ़ के शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव ने दिनांक 04 जून 2026 को दुर्ग जिले के ग्राम माटरा में नवनिर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया। लगभग 02 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से तैयार यह उपकेंद्र क्षेत्र के 16 गांवों पेण्ड्रीतराई, कोकड़ी, हरदी, गोता, खजरी, ठेंगाभाठ, माटरा, दारगांव, बिरोदा, मोहलाई, मोहरेंगा, कंदई, टठिया, तारकोरी, दौराभाटा एवं छिराही के हजारों उपभोक्ताओं और किसानों के लिए वरदान साबित होगा।
इस उपकेंद्र के शुरू होने से अब इन क्षेत्रों में कम वोल्टेज और बार-बार बिजली गुल होने की समस्या का स्थायी समाधान हो गया है, जिससे क्षेत्र में विकास की गति और तेज होगी। लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि मंत्री गजेन्द्र यादव ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता की सराहना करते हुए कहा कि मात्र छह महीने के रिकॉर्ड समय में भूमिपूजन से लेकर लोकार्पण तक का सफर पूरा करना विभाग की तत्परता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में खेती और सब्जी-भाजी के कार्य के लिए बोरवेल की संख्या अधिक होने के कारण बिजली का लोड लगातार बढ़ रहा था। अब इस नए उपकेंद्र के माध्यम से किसानों को कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त और उच्च गुणवत्ता वाली निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सकेगी, जिससे फसलों की पैदावार में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। मंत्री गजेन्द्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार आने वाले समय में दारगांव में सोलर पैनल लगाने की योजना पर काम कर रही है, ताकि बिजली की उपलब्धता और बेहतर हो सके।
उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में प्रस्तावित नए 33/11 केवी और 132 केवी उपकेंद्रों के कार्यों को भी इसी तत्परता से पूर्ण किया जाए। मंत्री ने माटरा के निवासियों से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बेमेतरा के विधायक दीपेश साहू ने कहा कि इस उपकेंद्र का निर्माण क्षेत्र की जनता की बड़ी मांग थी, जो अब पूरी हुई है। उन्होंने बताया कि बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र में बिजली की स्थिति को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए आने वाले समय में छह और नए उपकेंद्रों की सौगात मिलेगी। श्री साहू ने कम समय में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों की प्रशंसा की गई।
कार्यक्रम के दौरान स्वागत उद्बोधन में सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक संजय खंडेलवाल ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि जिस उपकेंद्र का भूमिपूजन माननीय मंत्री गजेन्द्र यादव जी के कर-कमलों से 14 अक्टूबर 2025 को किया गया था, उसे आज सफलतापूर्वक पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह उपकेंद्र क्षेत्र में बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करेगा, जिससे कृषि एवं ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। श्री खंडेलवाल ने इस परियोजना को अल्प समय में पूर्ण करने के लिए मंत्री जी, जनप्रतिनिधियों तथा विभागीय टीम के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर आयोजकों द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों द्वारा उपकेंद्र परिसर में विभिन्न पौधों का रोपण भी किया गया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में तेलघानी बोर्ड आयोग के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, जिला पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण, विद्युत विभाग के कार्यपालक निदेशक संजय खंडेलवाल, अधीक्षण अभियंता आर.के. मिश्रा, कार्यपालन अभियंता डी.के. भारती एवं टी.एल. सहारे, और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




