संयंत्र के ईएमडी विभाग में एलडी गैस रिसाव की परिकल्पित स्थिति पर मॉक ड्रिल आयोजित…

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग (ईएमडी) द्वारा विगत दिनों में एलडी गैस रिसाव की परिकल्पित आपात स्थिति से निपटने हेतु मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य संभावित गैस रिसाव जैसी परिस्थितियों में विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों की आपातकालीन तैयारियों, प्रतिक्रिया क्षमता तथा समन्वय तंत्र का आकलन करना था।
मॉक ड्रिल के दौरान एलडी गैस बूस्टर क्रमांक-1 के समीप यांत्रिक निरीक्षण कार्य के समय गैस रिसाव की परिकल्पित स्थिति निर्मित की गई। परिदृश्य के अनुसार तीन व्यक्ति गैस से प्रभावित हुए, जिनमें से एक को विभागीय कर्मियों द्वारा तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया गया, जबकि अन्य दो प्रभावित व्यक्तियों को चिकित्सकीय सहायता हेतु मुख्य चिकित्सा केंद्र (एमएमपी) भेजा गया।
अभ्यास में गैस सुरक्षा विभाग, सीआईएसएफ, अग्निशमन सेवाएँ, व्यावसायिक स्वास्थ्य सेवाएँ (ओएचएस), सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग, सिविल डिफेंस तथा पर्यावरण प्रबंधन विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन किया।
मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन प्रतिक्रिया समय, संचार व्यवस्था, बचाव कार्य, चिकित्सा सहायता तथा अंतर-विभागीय समन्वय की प्रभावशीलता का परीक्षण किया गया। मॉक ड्रिल के उपरांत मुख्य महाप्रबंधक (ईएमडी) पी. वी. वी. एस. मूर्ति की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सहभागी विभागों एवं एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव, अवलोकन एवं सुझाव साझा किए।
बैठक में आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा भविष्य में ऐसी किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। यह मॉक ड्रिल भिलाई इस्पात संयंत्र की सुरक्षा संस्कृति, आपदा प्रबंधन क्षमता एवं आपातकालीन तैयारियों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




