दुर्ग टाउन जोन में लगा सुशासन शिविर: पीएम सूर्यघर योजना की मिली जानकारी, 12 उपभोक्ताओं ने कराया रजिस्ट्रेशन

दुर्ग/ छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत दुर्ग टाउन जोन के पुराना गंज मंडी प्रांगण दुर्ग में सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान केंद्र एवं राज्य शासन की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
उपस्थित अधिकारियों द्वारा आम नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने के फायदे और योजना से मिलने वाली सब्सिडी व लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, साथ ही जागरूकता बढ़ाने के लिए पैम्पलेट भी वितरित किए गए। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत पावर कंपनी द्वारा मई 2026 को सौर माह (01 मई से 31 मई 2026 तक) के रूप में मनाया जा रहा है।
शिविर में स्थानीय उपभोक्ताओं ने भारी उत्साह दिखाया और लगभग 35 उपभोक्ताओं ने योजना की बारीकियों को समझा व अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने की इच्छा जताई। अधिकारियों की मौजूदगी में ऑन-स्पॉट कार्रवाई करते हुए 12 उपभोक्ताओं का वेंडर के माध्यम से योजना के अंतर्गत सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन भी कराया गया।
पावर कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि इस सौर माह का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना योजना से जोड़कर उनके बिजली बिल को शून्य करना और पर्यावरण संरक्षण में उनका भागीदार बनना है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे



