छत्तीसगढ़दुर्ग

01 फरवरी 2026 से जिले के 05 प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष वाहन जांच अभियान जारी…

दुर्ग – सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा दिनांक 01 फरवरी 2026 से जिले के 05 प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान संचालित किया जा रहा है।

अभियान के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रिपल सवारी, तेज गति, गलत दिशा में वाहन संचालन, नो-पार्किंग एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विगत 13 दिनों में कुल 2952 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई, जिसमें 1613 बिना हेलमेट वाहन चालकों को ई-चालान जारी किया गया।

चालान जारी होने के पश्चात निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों को नियमानुसार नोटिस जारी किया जा रहा है। भुगतान नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।

दिनांक 14.02.2026 को प्राप्त जनशिकायत के आधार पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले बुलेट वाहन क्रमांक CG 07 CY 4558 को रोककर जांच की गई। वाहन चालक कमल कुमार रजक, निवासी हाटरी बाजार, दुर्ग के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 182(ए) के अंतर्गत 5000 रुपये का चालान किया गया तथा मॉडिफाइड साइलेंसर को जप्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

सराहनीय भूमिका :

▪️ उक्त अभियान एवं कार्यवाही में यातायात पुलिस दुर्ग की विशेष जांच टीम, ई-चालान प्रकोष्ठ एवं ड्यूटी में तैनात यातायात आरक्षकों की सक्रिय एवं सतत भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील :

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें, वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सतत वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button