भारत को बड़ी राहत: अमेरिकी टैरिफ घटकर 18% हुआ, चीन-ब्राजील-पाकिस्तान से बेहतर स्थिति…

वॉशिंगटन। अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड एग्रीमेंट को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ व्यापार समझौते की घोषणा करते हुए भारतीय उत्पादों पर लगाया गया 25 प्रतिशत रेसिप्रोकल टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। इसे भारत के लिए एक बड़ी कूटनीतिक और आर्थिक राहत माना जा रहा है।
पिछले साल भारत पर कुल 50% तक पहुंच गया था टैरिफ
गौरतलब है कि अमेरिका ने पिछले वर्ष भारत पर 25 प्रतिशत रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया था। इसके अलावा, रूस से कच्चा तेल खरीदने के कारण भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ भी लगाया गया था। इस तरह कुल टैरिफ दर 50 प्रतिशत तक पहुंच गई थी।
हालांकि अब अमेरिका ने रेसिप्रोकल टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है, जबकि रूसी तेल से जुड़े अतिरिक्त टैरिफ पर अभी अंतिम फैसला बाकी है।
रूसी तेल की खरीद पूरी तरह बंद होने पर हटेगा अतिरिक्त 25% टैरिफ
व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, अगर भारत रूस से कच्चे तेल की खरीद पूरी तरह बंद करता है, तो अमेरिका 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ भी हटाने पर विचार करेगा। फिलहाल भारत द्वारा तेल आयात कम किए जाने को सकारात्मक कदम माना गया है, लेकिन पूरी छूट के लिए पूर्ण रूप से खरीद रोकनी होगी।
टैरिफ के मामले में भारत अब कई देशों से बेहतर स्थिति में
नए 18 प्रतिशत टैरिफ रेट के साथ भारत अब अमेरिका के लिए चीन, ब्राजील, पाकिस्तान, बांग्लादेश और वियतनाम जैसे देशों की तुलना में बेहतर स्थिति में आ गया है। अमेरिका अपने सबसे करीबी साझेदार देशों से न्यूनतम 10 प्रतिशत टैरिफ ही वसूल रहा है।
इन देशों से सबसे कम टैरिफ वसूल रहा है अमेरिका
-
यूनाइटेड किंगडम – 10%
-
यूरोपीय संघ – 15%
-
जापान – 15%
-
दक्षिण कोरिया – 15%
-
स्विट्जरलैंड – 15%
इन देशों पर अमेरिका का सबसे ज्यादा टैरिफ
-
ब्राजील – 50%
-
म्यांमार – 40%
-
लाओस – 40%
-
चीन – 37%
-
दक्षिण अफ्रीका – 30%
दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों पर अमेरिकी टैरिफ दर
-
बांग्लादेश – 20%
-
वियतनाम – 20%
-
मलेशिया – 19%
-
कंबोडिया – 19%
-
थाईलैंड – 19%
-
पाकिस्तान – 19%
भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को मिलेगा नया बल
विशेषज्ञों का मानना है कि टैरिफ में यह कटौती भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को मजबूती देगी और भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलेगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




