छत्तीसगढ़दुर्ग

छावनी थाना क्षेत्र में सड़क विवाद बना जानलेवा, 66 वर्षीय बुजुर्ग की मौत…

स्कूटी चालक से कहासुनी के बाद मारपीट, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

दुर्ग। थाना छावनी क्षेत्र में एक मामूली सड़क विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें एक 66 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद छावनी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 जनवरी 2026 की शाम लगभग 5:15 बजे, सुनील राय (उम्र 47 वर्ष) अपनी टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल से अपने बड़े भाई विकरमा यादव (उम्र 66 वर्ष) के साथ जलेबी चौक होते हुए जवाहर मार्केट की ओर जा रहे थे।

जब वे जिंदल इलेक्ट्रिकल दुकान के सामने पहुंचे, तभी साइड से आ रहे एक स्कूटी चालक ने उनकी मोटरसाइकिल को दबा दिया।

गाली-गलौच के बाद मारपीट, बुजुर्ग हुए बेहोश

मोटरसाइकिल सवार द्वारा विरोध करने पर स्कूटी चालक ने वाहन खड़ा कर गाली-गलौच करते हुए पैर और मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान विकरमा यादव सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही बेहोश हो गए। वहीं सुनील राय को चेहरे पर आंख के नीचे गंभीर चोट आई।

अस्पताल में हुई विकरमा यादव की मौत

घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और विकरमा यादव को तत्काल शासकीय अस्पताल सुपेला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आरोपी युवक गिरफ्तार, गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

घटना की जानकारी मिलते ही छावनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी सुकांत सोनकर उर्फ चिरागन (उम्र 19 वर्ष) को हिरासत में ले लिया।

थाना छावनी में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 एवं 103 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

पुलिस कर रही मामले की विस्तृत जांच

पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button