छत्तीसगढ़भिलाई

कल्याण से अनुशासन तक; भिलाई इस्पात संयंत्र की हाउस रिटेंशन नीति का बदलता सफ़र…

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र की टाउनशिप का विकास अपने आरंभिक वर्षों में एक अनिवार्यता के रूप में हुआ था, जब आसपास वैकल्पिक आवासीय सुविधाएँ लगभग उपलब्ध नहीं थीं। कर्मचारियों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित आवास उपलब्ध कराना प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी रही।

किसी भी सरकारी या पीएसयू सेक्टर में सेनानिवृति के उपरांत सरकारी आवास केवल एक अल्प अवधि के लिए ही उपलब्ध होता है। तथापि बीएसपी में शिक्षा, चिकित्सा अथवा स्वयं के मकान के निर्माण जैसी वास्तविक आवश्यकताओं के दौरान कर्मचारियों को अस्थायी सहारा देने के लिए हाउस रिटेंशन की व्यवस्था शुरू की गई। यह एक कल्याणकारी और विश्वास-आधारित व्यवस्था थी, जिसे सीमित अवधि और सीमित परिस्थितियों के लिए लागू किया गया था।

हालांकि समय के साथ यह सामने आया कि इस सुविधा का व्यापक दुरुपयोग होने लगा। अधिकांश मामलों में मकान निर्माण के नाम पर रिटेंशन लिया गया और प्रमाण प्रस्तुत किए गए, लेकिन वास्तविकता में यह व्यवस्था लंबे और अनाधिकृत कब्ज़े का माध्यम बनती चली गई।

परिणामस्वरूप बेहतर लोकेशन और उच्च श्रेणी के क्वार्टर नियमित सेवा में कार्यरत कर्मचारियों के लिए भी उपलब्ध नहीं रह पाए। संयंत्र की उत्पादन क्षमता के विस्तार के साथ टाउनशिप की आवासीय आवश्यकता और बढ़ने वाली है, ऐसे में यह स्पष्ट हो गया कि अनियंत्रित रिटेंशन न केवल असंतुलन पैदा कर रहा है, बल्कि भविष्य की आवासीय योजना पर भी गंभीर प्रभाव डाल रहा है।

यही वह बिंदु है, जहाँ कल्याण और अनुशासन के बीच संतुलन स्थापित करना अपरिहार्य हो गया—जिसे आगे चलकर न्यायिक मंचों ने भी स्पष्ट रूप से रेखांकित किया। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा वर्ष 2016 में पारित आदेश (WPC No. 1732/2016) में यह स्पष्ट रूप से कहा गया है कि संयंत्र अथवा उसके अधीन संचालित संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को उपलब्ध कराए गए आवासीय क्वार्टर सेवा काल तक सीमित होते हैं।

सेवा-समापन अथवा कर्मचारी की मृत्यु के पश्चात उनके आश्रितों को इन आवासों पर बने रहने का कोई वैधानिक अधिकार प्राप्त नहीं है और ऐसे मामलों में निरंतर कब्ज़ा प्रथम दृष्टया में अवैध और अनाधिकृत माना जाएगा। इसी कड़ी में वर्ष 2020 में माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने विशेष अनुमति याचिका (SLP (C) No. 11025/2020) में यह दृष्टांत स्थापित किया कि निर्धारित अवधि से अधिक समय तक क्वार्टर पर कब्ज़ा बनाए रखने की स्थिति में दंडात्मक किराया एक स्वाभाविक परिणाम है,

जिसे कर्मचारी के देयकों, यहाँ तक कि ग्रेच्युटी जैसी राशियों से भी समायोजित किया जा सकता है। ये न्यायिक निर्णय स्पष्ट करते हैं कि आवासीय सुविधा कोई वंशानुगत अधिकार नहीं, बल्कि सेवा से जुड़ा दायित्व-आधारित प्रावधान है, जिसे समयसीमा और नियमों के भीतर ही उपयोग में लाया जा सकता है।

भिलाई इस्पात संयंत्र में रिटेंशन पर दिए गए 1374 क्वार्टरों में से 1309 क्वार्टर निर्धारित अवधि से कहीं अधिक समय तक घिरे रहे। कई मामलों में कब्ज़ा पाँच से पंद्रह वर्षों तक खिंच गया और कुछ क्वार्टरों पर बकाया राशि दस लाख रुपये तक पहुँच गई। इसका प्रत्यक्ष प्रभाव क्वार्टर उपलब्धता पर पड़ा है। वर्तमान स्थिति में 150 एक्ज़ीक्यूटिव क्वार्टर अनाधिकृत कब्जे में हैं।

यदि ये क्वार्टर खाली होते हैं, तो युवा अधिकारियों को सीधा लाभ मिल सकता है। इसी प्रकार नॉन-एक्ज़ीक्यूटिव श्रेणी में एनक्यू-3 से एनक्यू-5 में लगभग 1200 क्वार्टर वर्तमान में अनाधिकृत कब्जे में हैं। यदि ये क्वार्टर खाली होते हैं, तो एस-5 ग्रेड तक के बड़ी संख्या में कर्मचारियों को आवासीय सुविधा मिल सकती है। स्पष्ट है कि रिटेंशन के दुरूपयोग की वर्तमान स्थिति टाउनशिप की पूरी आवासीय श्रृंखला को प्रभावित कर रही है।

भिलाई इस्पात संयंत्र अपने 10.5 मिलियन टन विस्तार योजना की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसके अंतर्गत कई नई परियोजनाएँ प्रस्तावित हैं और इसके साथ ही बड़ी संख्या में नए कर्मचारियों की भर्ती भी की जाएगी। इन नए कर्मचारियों के लिए संयंत्र टाउनशिप में आवास उपलब्ध कराना प्रबंधन की एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी, ताकि वे कार्यभार संभालते ही सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में रह सकें।

ऐसे समय में क्वार्टरों की उपलब्धता एक रणनीतिक आवश्यकता बन जाती है। हालांकि, रिटेंशन के नाम पर लंबे समय तक क्वार्टरों पर बने रहे अनाधिकृत कब्ज़ों और सुविधा के दुरुपयोग के कारण टाउनशिप पर दबाव लगातार बढ़ता गया है, जिससे नई भर्तियों को समायोजित करना कठिन होगा।

यही कारण है कि आवासीय संसाधनों का सही और अनुशासित उपयोग अब केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि संयंत्र के भविष्य के विकास से जुड़ा अनिवार्य कदम बन गया है। इन सभी तथ्यों और दबावों को ध्यान में रखते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र को नई व्यवस्था लागू करनी पड़ी।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button