प्रेमी के लिए बड़ी बहन ने छोटी बहन को उतारा मौत के घाट: इकलौती बेटी बनकर रहना चाहती थी, शादी के बाद भी…

बलिया में 16 साल की एक किशोरी की ब्लेड से हाथ की नसें काटकर हत्या कर दी गई। हत्या की यह साजिश किशोरी की बड़ी बहन ने रची और इसमें साथ दिया उसके प्रेमी नौशाद ने। पुलिस ने बड़ी बहन सोनम को 5 दिसंबर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया।
बड़ी बहन ने छोटी का सिर्फ इसलिए मर्डर करवा दिया, ताकि वह घर में इकलौती हो जाए। छोटी बहन के मरने से वह हमेशा इसी घर में रहेगी और नौशाद से मिलती रहेगी। ये मामला बलिया के नगरा थाना क्षेत्र का है। 15 अक्टूबर की सुबह यहां गांव की कुछ महिलाएं कहीं जा रही थीं।
रास्ते में उनको एक खेत में खून से लथपथ किशोरी दिखाई दी थी। महिलाओं ने तुरंत गांव के लोगों को बुलाया था। कुमकुम को अस्पताल भिजवाया गया था। इसके बाद उसके पिता को जानकारी दी गई थी। पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया था। कुमकुम ने इलाज के दौरान वाराणसी में 21 अक्टूबर को दम तोड़ दिया था।
छोटी बहन को मरवाने के बाद बड़ी बहन कहीं चली गई थी
शुरुआती जांच में पुलिस ने मामले की पड़ताल करते हुए बड़ी बहन के प्रेमी नौशाद को 16 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, इस पूरी घटना को अंजाम देने के लिए वो बस इस्तेमाल किया गया था। इस पूरी साजिश की असली मास्टर माइंड किशोरी की बड़ी बहन थी। जो कि छोटी बहन की हत्या के कुछ दिन बाद कहीं चली गई थी।
परिवार के लोगों को भी उसकी जानकारी नहीं थी। पुलिस की जांच में हर बार बड़ी बहन सोनम का नाम आ रहा था। प्रेमी नौशाद के फोन से भी सोनम का नंबर सबसे ज्यादा बार मिलाया गया था। इसी के आधार पर पुलिस ने बड़ी बहन सोनम की तलाश तेजी से शुरू की। 5 दिसंबर को सोनम को चंदौली के महुअर कला गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। जिसके बाद सच सबके सामने था।
बहन को पता था घर वाले नौशाद से उसकी शादी नहीं करेंगे
पुलिस की जांच में सामने आया कि नौशाद और सोनम का 3 साल से अफेयर चल रहा था। छोटी बहन कुमकुम को इस बात की जानकारी थी। उसे इस बात से कोई दिक्कत नहीं थी। बल्कि ये तीनों लोग साथ में घूमने भी जाया करते थे। नौशाद और सोनम का रिलेशन अच्छा था, लेकिन सोनम को इस बात की चिंता रहती थी कि घर वाले उसकी नौशाद से नहीं होने देंगे।
सोनम नौशाद को छोड़कर कहीं भी जाना नहीं चाहती थी। उसके घर में उसकी शादी की बातें होती तो वो और ज्यादा परेशान हो जाती थी। घर में लोगों को सोनम के अफेयर के बारे में शक था। वो लोग जल्दी ही इसकी शादी करना चाह रहे थे।” “परिवार में केवल दो लड़कियां ही थीं। एक सोनम और दूसरी कुमकुम। कोई भी लड़का नहीं था।
परिवार की सारी संपत्ति इन्हीं दोनों बहनों को मिलनी थी। इसी बात को आधार बनाकर सोनम ने कुमकुम को मारने का प्लान बनाया। सोनम का मानना था, अगर कुमकुम मर जाएगी तो उसकी शादी भी रुक जाएगी। फिर पापा कोई ऐसा लड़का देखेंगे जो घर जमाई बनकर रहे।”
“ऐसा होने पर वो हमेशा नौशाद से भी मिलती रहेगी और सारी संपत्ति भी उसके नाम हो जाएगी। उसका और नौशाद का रिश्ता हमेशा चलता रहेगा। अपने प्रेमी के लिए वो अपनी छोटी बहन को कुर्बान करने के लिए तैयार थी। उसने अपनी साजिश को पूरा करने के लिए नौशाद के साथ मिलकर प्लान बनाया। कुमकुम नौशाद को अच्छे से जानती थी। इसी बात का फायदा सोनम ने उठाया।”
कपड़े दिलाने का लालच देकर साथ ले गया, फिर रुमाल से गला घोंटा
दिवाली पास थी तो गांव में 14 अक्टूबर को मेला लगा हुआ था। कुमकुम अपनी दोस्त सपना के साथ मेला देखने जाने वाली थी। बड़ी बहन सोनम को ये पता था। उसने कुमकुम से बोला, नौशाद तुमको दिवाली में कपड़े दिलाने के लिए बोल रहा था। वो तुमको मेले में लेने आएगा तो तुम उसके साथ चली जाना। छोटी बहन कुमकुम इस बात के लिए राजी हो गई।
फिर वो करीब 7 बजे सपना के साथ मेले गई। वहां उन लोगों ने मेला घूमा फिर चाट खाई। उसके बाद नौशाद वहां पहुंच गया। कुमकुम ने नौशाद को देखकर सपना को घर जाने के लिए बोला। साथ ही ये भी कहा कि किसी को नौशाद के बारे में बताना मत। कहना मैं कुछ देर में आ जाऊंगी। नौशाद के फोन में लगातार सोनम कॉल पर थी। वो सब सुन रही थी।
नौशाद ने कुमकुम को गाड़ी पर बैठाया और दुकान की ओर चल दिया। उसने साजिश के तहत कुछ दूर जाने पर अपना रुमाल कुमकुम को दिया और मुंह पर बांधने के लिए कहा। उसने कुमकुम से कहा, इसको मुंह पर बांध लो जिससे तुमको कोई पहचान न पाए। मेले से लगभग 5 किलोमीटर दूर जाने पर नौशाद ने आंख में कुछ जाने का बहाना बनाया।
फिर गाड़ी रोक दी। जहां नौशाद रुका वो रास्ता सुनसान था। इस बीच कुमकुम ने बॉथरूम जाने की बात कही। वो खेत की तरफ जा रही थी तभी नौशाद पीछे से आया। उसने कुमकुम के मुंह में बंधा कपड़ा जल्दी से नीचे किया और उसी से उसका गला घोंट दिया। फिर नौशाद ने जेब से ब्लेड निकाली और कुमकुम के हाथ की नसें काट दीं। चीखने पर उसका मुंह दबा दिया।
उसने कुमकुम को थप्पड़ भी मारे। इस पूरी घटना की बड़ी बात ये है कि ये सब कुछ बड़ी बहन फोन पर सुन रही थी लेकिन फिर भी उसका दिल नहीं पसीजा। कुमकुम को मरा समझ कर नौशाद मौके से चला गया। सुबह गांव की महिलाओं ने कुमकुम को देखा तो उसे अस्पताल पहुंचाया।
दोनों आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी- थानाध्यक्ष
थानाध्यक्ष नगरा बृजेश सिंह ने बताया, पुलिस सोनम को चंदौली जिले के महुअर कला गांव से गिरफ्तार कर नगरा ले आई है। जहां उस पर सुसंगत धाराओं के तहत चालान न्यायालय कर दिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। दोनों ही आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




