Crimeछत्तीसगढ़

एक ही दिन में 3 हत्या; रातभर उत्पात मचाने के बाद दो गुट के बदमाश भिड़े, चाकू गोदकर की हत्या…

राजनांदगांव / शहर के नंदई इलाके में दो युवकों की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई है। यह बीते 24 घंटे में तीसरी हत्या है। वारदात के मृतक दोनों ही युवक भी आपराधिक रिकार्ड वाले हैं। मामले में 8 से 10 संदेहियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जिसने पूछताछ हो रही है।

ऐसी घटनाओं से पूरे शहर में दहशत की स्थिति है। बसंतपुर पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह 5.30 बजे दो गुटों के विवाद में गौरी नगर निवासी कान्हा सारथी (23) और नंदई निवासी जितेंद्र साहू (22) की हत्या कर दी गई।

दोनों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किया गया है। जानकारी मुताबिक नंदई के कोठार पारा में सुबह धार्मिक आयोजन चल रहा था, वहीं दोनों गुटों के बदमाश पहुंचे।

पहले जमकर दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई। पुराने विवाद को लेकर एक दूसरे को देख लेने की धमकी देते रहे। इसी दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

एक पक्ष के आरोपियों ने धारदार चाकू से पहले कान्हा सारथी पर ताबड़तोड़ वार किया, इससे कान्हा बेहोश होकर औंधे मुंह नाली में जा गिरा। वहीं बीच बचाव कर रहे जितेंद्र साहू पर भी चाकू से वार किया गया।

अलग-अलग हिस्से में घूमकर मचाते रहे उत्पात

जानकारी मुताबिक दोनों पक्षों के बदमाशों ने रातभर अलग- अलग हिस्से में जमकर उत्पात मचाया है। कान्हा, जितेंद्र और उसके साथियों ने पहले सागर पारा के पास विवाद किया। इसके बाद इंदिरा नगर चौक में दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली गलौज हुआ।

नंदई चौक में भी करीब आधे घंटे दोनों पक्ष पुराने विवाद को लेकर गाली गलौज करते रहे। तब सुबह के 3 बजे चुके थे। लेकिन इस दौरान पुलिस को इनकी हरकतों की जानकारी नहीं मिली। सुबह दोनों पक्ष नंदई के कोठार पारा इलाके में पहुंचे। जहां पूरी वारदात हुई।

संदेहियों से हो रही पूछताछ, कुछ फरार

जितेंद्र को उसके साथी ही गंभीर हालत में सुबह मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज से पहले ही उसकी मौत हो गई। सुबह 6 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो गए थे।बसंतपुर टीआई सीआर चंद्रा ने बताया कि वारदात के बाद 8 से 10 संदेहियों को हिरासत में लिया गया है।

जिनसे लगातार पूछताछ हो रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर पुलिस सूत्रों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी फरार हो गए हैं। जिनकी पतासाजी में छापेमारी की जा रही है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए तीन अलग-अलग टीम काम कर रही है।

शराब पिलाने के विवाद में हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

इधर मंगलवार दोपहर 1 बजे मोखला में हुए आकाश रंगारी के हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या शराब पीने के बाद शुरू हुए विवाद को लेकर हुई।

पुलिस ने बताया कि मृतक आकाश रंगारी अपने दो साथी ओमप्रकाश साहू और रामखिलावन साहू के साथ शराब पीने मोखला इलाके में गया था। तीनों ने पहले जमकर शराब पी। इसके बाद आकाश और शराब लाने के लिए दोनों पर दबाव बनाने लगा।

आकाश नशे में दोनों से गाली गलौज करने लगा। इससे आक्रोशित होकर ओमप्रकाश और राम खिलावन ने आकाश पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। आकाश की मौत के दोनों लाश खेत के बीच में फेंककर फरार हो गए। पतासाजी के दौरान पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी भाई हैं।

देर रात तक घूमने वालों पर कार्रवाई नहीं

पुलिस ने बताया कि मृतक कान्हा मर्डर और जितेंद्र हाफ मर्डर के आरोप में पहले जेल काट चुका था। बावजूद इसके शहर में बढ़ते अपराध की वजह पुलिस की ढिलाई भी है। देर रात तक घूमने वालों पर पुलिस सख्ती नहीं बरत रही है। इसके चलते ऐसे वारदातों में बढ़ोतरी हो रही है।

आपराधिक प्रवृत्ति के युवक पूरी रात शहर के अलग-अलग घूमते दिखते हैं। इससे आम लोगों में भी दहशत की स्थिति है। आने वाले दिनों में त्योहार और फिर झांकी का बड़ा आयोजन है।

इस दौरान व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बनी चुनौती साबित होने वाली है। बहरहाल, इन शहर में आए दिन होने वाली घटनाओं को रोकने में पुलिस असमर्थ नजर आ रही है।

संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे

https://jantakikalam.com

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button