
यातायात पुलिस, बालाजी ब्लड बैंक व सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त पहल
दुर्ग | सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता के उद्देश्य से बस स्टैंड दुर्ग में रक्तदान शिविर एवं निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बालाजी ब्लड बैंक, श्री गणेश विनायक फाउंडेशन और यातायात पुलिस दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर मदद का प्रयास
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना तथा वाहन चालकों की दृष्टि जांच के माध्यम से दुर्घटनाओं की रोकथाम करना रहा। रक्तदान शिविर में यातायात पुलिस के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
52 लोगों ने किया रक्तदान
आज आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 52 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले नागरिकों एवं यातायात पुलिस जवानों को हेलमेट एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
निःशुल्क नेत्र जांच, 86 लोगों की हुई जांच
कार्यक्रम के दौरान निःशुल्क नेत्र जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें कुल 86 लोगों की आंखों की जांच की गई। विशेष रूप से बस चालक, कंडक्टर एवं ऑटो चालकों की जांच पर ध्यान दिया गया। जिन चालकों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, उन्हें निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए, जिससे सुरक्षित वाहन संचालन को बढ़ावा मिल सके।
यातायात नियमों के पालन की दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम में उपस्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) द्वारा सभी नागरिकों को
-
दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने,
-
चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने,
-
नशे की हालत में वाहन न चलाने,
-
तथा अन्य लोगों को भी यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
31 जनवरी तक चलेगा सड़क सुरक्षा माह अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) के मार्गदर्शन में 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक जिला स्तर पर सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित परिवहन को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
सामाजिक सहभागिता से सुरक्षित सड़कों की ओर कदम
कार्यक्रम में उपस्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (भिलाई) सुखनंदन राठौर द्वारा रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं हेलमेट देकर सम्मानित किया गया। यातायात पुलिस का यह प्रयास समाज में जनभागीदारी के माध्यम से सड़क सुरक्षा संस्कृति विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




