
दुर्ग – सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुर्ग ट्रैफिक पुलिस द्वारा ऑपरेशन सुरक्षा के तहत ड्रिंक एंड ड्राइव करने वाले चालकों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य नशे की हालत में वाहन संचालन पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करना और सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम करना है।
पिछले एक सप्ताह के दौरान जिलेभर में किए गए सघन चेकिंग अभियान में मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कुल 106 प्रकरण तैयार किए गए। इनमें से 78 प्रकरणों में न्यायालय द्वारा अभियुक्त चालकों को अर्थदंड से दंडित किया गया, जिसके माध्यम से ₹8,00,000 (आठ लाख रुपये) की राशि वसूल की गई। शेष 28 प्रकरण वर्तमान में न्यायालय में लंबित हैं।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा यह अभियान केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं है। देहात क्षेत्रों में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क सुरक्षा विश्लेषण (Accident Zone Analysis) किया गया है। इस विश्लेषण में धमधा, नंदिनी नगर, बोरी, पुलगाँव, अंडा, उतई, जमगाँव (आर), पाटन एवं अमलेश्वर जैसे क्षेत्रों को दुर्घटनाजन्य क्षेत्र (Accident-Prone Zones) के रूप में चिन्हित किया गया है।
इन क्षेत्रों में ड्रिंक एंड ड्राइव करने वाले चालकों के विरुद्ध तथा अन्य यातायात उल्लंघनों जैसे बिना हेलमेट वाहन संचालन, ओवर स्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाना, व नो पार्किंग जैसे मामलों पर भी लगातार कड़ी कार्यवाही की जा रही है।ट्रैफिक पुलिस की फील्ड टीमें, इंटर्सेप्टर यूनिट्स एवं मोबाइल पेट्रोलिंग दल रात-दिन सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटे हैं।
इसके अतिरिक्त जिन चालकों द्वारा लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है तथा जिन पर पूर्व में भी कार्रवाई की जा चुकी है, उनके विरुद्ध लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। इस क्रम में सितंबर माह में कुल 35 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। यह कार्रवाई यह दर्शाती है कि ट्रैफिक पुलिस यातायात अनुशासन के प्रति ‘शून्य सहिष्णुता नीति’ अपना रही है।
ट्रैफिक पुलिस दुर्ग की अपील :- सड़क सुरक्षा केवल कानून नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। कृपया नशे की स्थिति में वाहन संचालन से बचें, हमेशा हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करें, और यातायात संकेतों का पालन करें। आपका एक जिम्मेदार कदम किसी की जान बचा सकता है।
संपूर्ण खबरों के लिए क्लिक करे




